सतना में बाढ़ प्रभावितों को राहत, 6108 परिवारों के लिए 2.90 करोड़ से ज्यादा की सहायता मंजूर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सतना जिले में अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने का काम लगातार जारी है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के नेतृत्व में राजस्व सहित विभिन्न विभागों की टीमें प्रभावित इलाकों में सर्वे और राहत कार्यों में जुटी हैं। 11 सितंबर 2026 तक जिले में 6108 प्रभावित परिवारों के प्रकरणों में 2 करोड़ 90 लाख 34 हजार 200 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित चित्रकूट-मझगवां क्षेत्र में 2085 प्रकरणों में 1 करोड़ 4 लाख 5 हजार 400 रुपये की सहायता वितरित की गई। मझगवां-चित्रकूट में पानी भरने से राशन, कपड़े और बर्तन आदि की क्षति के 1701 प्रकरणों में 85 लाख 5 हजार रुपये, आंशिक मकान क्षति के 379 प्रकरणों में 13 लाख रुपये और पूर्ण मकान क्षति के 5 प्रकरणों में 6 लाख रुपये की सहायता शामिल है।
जिले की अन्य तहसीलों में भी प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। रामपुर बाघेलान में 591, नागौद में 418, कोठी में 594, रघुराजनगर में 719, बिरसिंहपुर में 589, उचेहरा में 543 और कोटर में 569 प्रकरणों में सहायता स्वीकृत की गई है। राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के संशोधित प्रावधानों के तहत अब तक 2717 सामग्री क्षति, 3418 आंशिक मकान क्षति, 64 पूर्ण मकान क्षति और 8 जनहानि के प्रकरणों में सहायता स्वीकृत की गई है।
प्रशासन का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे और राहत कार्य लगातार जारी हैं, ताकि पात्र परिवारों को नियमानुसार जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराई जा सके।