सतना- उचेहरा में कलेक्टर-एसपी का निरीक्षण, सांदीपनि स्कूल भवन में देरी पर कार्रवाई के निर्देश
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह बस से उचेहरा पहुंचे। यहां उन्होंने शासकीय सांदीपनि विद्यालय पहुंचकर कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्र-छात्राओं से संवाद किया। बच्चों से पुस्तक वितरण, पढ़ाई और उनके भविष्य के लक्ष्य को लेकर चर्चा की।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि 12वीं के बाद जिस क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं, उसकी तैयारी पहले से शुरू करें। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के दौरान केवल रटने के बजाय कॉन्सेप्ट को समझना जरूरी है और किसी विषय में परेशानी होने पर शिक्षकों से समाधान जरूर लें। इसके बाद कलेक्टर और एसपी ने विद्यालय की भौतिक, रसायन और जीव विज्ञान प्रयोगशालाओं का निरीक्षण कर उपकरण और प्रयोगात्मक सामग्री की उपलब्धता देखी।
विद्यालय में कक्षा 1 से 12वीं तक कुल 1262 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। कलेक्टर ने निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय भवन का भी निरीक्षण किया। भवन की ड्राइंग-डिजाइन उपलब्ध होने के बावजूद करीब दो महीने से निर्माण शुरू नहीं होने पर उन्होंने पीआईयू के कार्यपालन यंत्री को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निर्माण में और देरी होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और संविदाकार की निविदा समाप्त करने की चेतावनी दी गई। कलेक्टर ने रामपुर बघेलान, मझगवां और उचेहरा में निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय भवनों की नियमित प्रगति रिपोर्ट और फोटो भेजने के निर्देश भी दिए। इसके बाद 50 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य सुविधाओं और मरीजों के उपचार की जानकारी भी ली। दौरे के दौरान उचेहरा में करीब 20 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किए जा रहे नए औद्योगिक क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया। प्रशासन का फोकस शिक्षा, स्वास्थ्य और औद्योगिक अधोसंरचना से जुड़े निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा कराने पर रहा।
💡 पृष्ठभूमि (Background)
सतना के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने उचेहरा में शासकीय सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों से उनके अध्ययन, पुस्तक वितरण और भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा की। यह कदम मुख्यमंत्री के जन-विश्वास अभियान के तहत शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए उठाया गया है। ऐसी पहल से शिक्षा में सुधार, पुस्तक पहुँच और विद्यार्थियों के करियर चयन में सहायता मिल सकती है, जिससे समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता और प्रेरणा बढ़ेगी।
🎙️ जनता का संदेश का मत
सतना के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक द्वारा विद्यालय में संवाद से यह स्पष्ट होता है कि शिक्षा और मार्गदर्शन से ही भविष्य की दिशा तय होती है। जब भी किसी छात्र को मार्गदर्शन की कमी महसूस हो, तो उसे शिक्षकों, परामर्शदाताओं और परिवार के साथ जुड़ना चाहिए, न कि संघर्ष या नकारात्मकता की ओर मुड़ना चाहिए। शिक्षा का सही उपयोग करके ही समाज में शांति, समृद्धि और समान अवसर सुनिश्चित हो सकते हैं।