राज्य

सतना में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को गति दे रहे उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, 150 बिस्तरीय अस्पताल निर्माण का किया निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ समय सीमा में कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
सतना में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को गति दे रहे उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, 150 बिस्तरीय अस्पताल निर्माण का किया निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ समय सीमा में कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

32.54 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा 150 बिस्तरों का आधुनिक अस्पताल, मई 2027 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य; गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर

सतना, 5 नवंबर 2026। सतना जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल गुरुवार को जिला चिकित्सालय परिसर पहुंचे। उन्होंने यहां निर्माणाधीन 150 बिस्तरीय नवीन अस्पताल भवन का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने भवन के विभिन्न हिस्सों में चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने पीआईयू के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल भवन के निर्माण के साथ ही आवश्यक चिकित्सा उपकरणों, फर्नीचर और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारी भी समय रहते पूरी कर ली जाए, ताकि भवन तैयार होने के बाद स्वास्थ्य सेवाएं शीघ्र शुरू की जा सकें।

32.54 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहा अस्पताल परिसर

कार्यकारी एजेंसी की एसडीओ मंदाकिनी गुप्ता ने जानकारी दी कि जिला चिकित्सालय परिसर में 32.54 करोड़ रुपये की लागत से 100 बिस्तरीय वार्ड, 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक और इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य 15 अक्टूबर 2025 को ठेकेदार मेसर्स जाकिर हुसैन, रीवा द्वारा प्रारंभ किया गया था।

वर्तमान में भवन के चौथे तल की छत का निर्माण कार्य चल रहा है। ग्राउंड और प्रथम तल पर प्लास्टर तथा दूसरे तल पर ईंटों की चिनाई का कार्य प्रगति पर है। नवीन अस्पताल भवन का निर्माण मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

समय पर तैयारियों के निर्देश

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि अस्पताल भवन के निर्माण के साथ ही चिकित्सा उपकरणों और फर्नीचर की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए, जिससे सतना और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

निरीक्षण के दौरान सांसद गणेश सिंह, महापौर योगेश ताम्रकार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला, सिविल सर्जन एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. अमर सिंह सहित पीआईयू के अधिकारी उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।