राजनीति

सेन समाज पर आपत्तिजनक गीत के विरोध में भोपाल में सांकेतिक पुतला दहन, राज्यपाल के नाम सौंपेंगे ज्ञापन

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 12 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश

प्रदेश अध्यक्ष हीरालाल श्रीवास के नेतृत्व में होगा प्रदर्शन, सेन समाज संयुक्त कल्याण संगठन ने समाजबंधुओं से शामिल होने की अपील की

भोपाल। सेन समाज, केशशिल्पी व्यवसायियों और मातृशक्ति के प्रति कथित जातिसूचक एवं आपत्तिजनक गीत-वीडियो जारी किए जाने के विरोध में सेन समाज संयुक्त कल्याण संगठन भोपाल द्वारा मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को सांकेतिक पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे सेन महाराज चौक, भोपाल में साप्ताहिक श्रृंगार दर्शन के बाद होगा।

संगठन के अनुसार, बिहार के भोजपुरी गायक गणेश लाजबाव यादव द्वारा जारी कथित आपत्तिजनक गीत-वीडियो के विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा है। मध्यप्रदेश सेन समाज के प्रदेश अध्यक्ष हीरालाल श्रीवास के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।

सेन समाज संयुक्त कल्याण संगठन ने कहा कि समाज की गरिमा, मातृशक्ति के सम्मान और कथित आपत्तिजनक सामग्री के विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी जाएगी। संगठन ने प्रदेश, जिला, नगर, प्रकोष्ठ और संभाग स्तर के पदाधिकारियों के साथ समाजबंधुओं एवं केशशिल्पी व्यवसायियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।

संगठन का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज के सम्मान और गरिमा से जुड़े मुद्दे को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना है।

इस संबंध में सेन समाज संयुक्त कल्याण संगठन भोपाल के जिला अध्यक्ष शैलेष सेन ने जानकारी दी।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।