राजनीति

सेशेल्स के संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा अध्यक्ष से की मुलाकात

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 11 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
सेशेल्स के संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा अध्यक्ष से की मुलाकात

सितंबर 02, नई दिल्ली: भारत दौरे पर आए सेशेल्स के संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की।

नेशनल असेंबली की स्पीकर अज़ारेल अर्नेस्टा के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल के साथ दोनों देशों की संसदों के बीच सहयोग बढ़ाने और संसदीय कामकाज के अनुभव साझा करने पर चर्चा हुई।

ओम बिरला ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दोनों पक्षों की बातचीत में साझा लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित भारत-सेशेल्स मैत्री को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि संसदीय आदान-प्रदान के साथ क्षमता निर्माण, डिजिटल संसद, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे तथा नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्रों में सहयोग पर भी चर्चा हुई।

ओम बिरला ने कहा कि सेशेल्स की स्वतंत्रता के 50 वर्ष और भारत-सेशेल्स राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दोनों देशों ने ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में भारत के विजन ‘महासागर’ को आगे बढ़ाने में सेशेल्स एक महत्वपूर्ण साझेदार है।

लोकसभा अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि निरंतर संसदीय संवाद से दोनों देशों की साझेदारी को नई गति मिलेगी और आपसी संबंध और मजबूत होंगे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।