देश

सेवा समर्पण कार्यक्रम में कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
सेवा समर्पण कार्यक्रम में कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने सेवा समर्पण कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और देश सेवा को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में व्यापक और क्रांतिकारी परिवर्तन हो रहा है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से सेवा समर्पण कार्यक्रम चल रहा है और 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिना रुके और बिना थके देश की सेवा करते हुए 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं।

कृषि मंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए देश में निरंतर परिवर्तन हो रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि माताओं-बहनों के जीवन में इससे बड़ा बदलाव आया है। इसी तरह हर परिवार के अपने पक्के घर के सपने को प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पूरा किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में भी गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों के हित में भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। प्रदेश में 25 लाख से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। कृषि क्षेत्र को महत्वपूर्ण मानते हुए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस बार किसानों को खाद के लिए भटकना नहीं पड़ा और प्रदेश के किसी भी जिले में खाद की समस्या को लेकर धरना-प्रदर्शन की स्थिति नहीं बनी।

मंत्री नेताम ने कहा कि खाद की उपलब्धता को लेकर प्रदेश सरकार समन्वय के साथ काम करती है। जहां भी किसी प्रकार की कमी सामने आती है, वहां संबंधित विभाग और मंत्रियों से चर्चा कर उसे दूर करने का प्रयास किया जाता है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में रेलवे लाइन के विस्तार और बेहतर रेल सुविधाओं सहित कई क्षेत्रों में तेजी से काम हुआ है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि ये काम पहले क्यों नहीं हो सकता था। उन्होंने कहा कि देश को विकसित बनाने की भावना और इच्छाशक्ति के साथ बड़े कदम उठाए जा रहे हैं और इसी का परिणाम है कि देश में इतने बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं।

बाइट — राम विचार नेताम, कृषि मंत्री

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।