सेवाधाम आश्रम में सेवा और समर्पण की मिसाल, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने जरूरतमंदों से की आत्मीय मुलाकात
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल रविवार को उज्जैन प्रवास के दौरान ग्राम अंबोदिया स्थित सेवाधाम आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने आश्रम की सेवा गतिविधियों और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। साथ ही दिव्यांगजनों, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों, अनाथ बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों से मुलाकात कर उनकी दिनचर्या और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
सेवाधाम आश्रम के संस्थापक सुधीर भाई गोयल ने उप मुख्यमंत्री को आश्रम में संचालित विभिन्न सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने आश्रम के बच्चों की ओर से प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी देखा और उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की। आश्रम की ओर से सुधीर भाई गोयल ने राजेंद्र शुक्ल का स्मृति चिह्न और दुपट्टा भेंट कर सम्मान किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि सेवाधाम आश्रम में दूसरी बार आने का अवसर मिला है और यहां सेवा तथा समर्पण की पराकाष्ठा देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1989 में एक छोटे प्रकल्प के रूप में शुरू हुआ सेवाधाम आज सेवा, संवेदना और समर्पण के भाव के साथ व्यापक स्वरूप ले चुका है।
राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि सेवाधाम आश्रम जरूरतमंदों को केवल आश्रय ही नहीं देता, बल्कि उन्हें परिवार जैसा वातावरण, अपनत्व और सम्मान भी प्रदान करता है। यहां दिव्यांगजनों, अनाथ बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सहारा मिल रहा है। उन्होंने आश्रम के संस्थापक सुधीर भाई गोयल के सेवा भाव को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
उप मुख्यमंत्री ने सेवाधाम आश्रम में कलार्पण भारत और सेवाधाम की ओर से आयोजित संस्कृति एवं साहित्य महाकुंभ में भी सहभागिता की। कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति और सेवा से जुड़े विभिन्न पदाधिकारी, सदस्य और बच्चे उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलार्पण संस्था से जुड़ी श्रद्धा निगम, डॉ. शिवप्रकाश सिंह, डॉ. धनंजय सिंह, दिगंबर नारायण तिवारी, दीनदयाल सोनी और शिव तनय श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
सेवाधाम आश्रम का यह आयोजन सेवा, संवेदना और सामाजिक समर्पण के महत्व को रेखांकित करता है। आश्रम में जरूरतमंदों को सहारा देने के साथ उन्हें सम्मान और परिवार जैसा वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।