शाह बोले-तीसरी बार सरकार बनाओ, यूपी में UCC लागू करेंगे:नेताओं से कहा- चुनाव में हिसाब पूछूंगा; योगी का दावा- SIR से 1.27 करोड़ हिंदू वोटर कटे
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ के दौरे पर रहे। उन्होंने भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं से कहा- यूपी में बीजेपी अंगद का पैर है। उसे कोई नहीं हिला सकता है। आप कमर कस लो, अर्जुन की तरह मछली की आंख पर नजर रखो। हमें फिर से सरकार बनानी है। शाह ने बीजेपी कार्यकर्ता को पार्टी का मालिक बताया।
कहा कि यूपी में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनी तो यहां भी UCC लागू करेंगे। आप सभी नाराजगी और मनमुटाव को गोमती नदी में छोड़कर जाएं। चुनाव में बार-बार मुलाकात होगी। हिसाब पूछूंगा। बही खाता अच्छा रहना चाहिए। उन्होंने कहा- राहुल बाबा की निरर्थक बकवास का जवाब यूपी में 2027 में बीजेपी की सरकार बनाकर देना है।
सीएम योगी ने कहा- यूपी की आबादी करीब 25 करोड़ है। जनगणना के आंकड़े आने पर यह 25.70 करोड़ तक पहुंच सकती है। इस हिसाब से प्रदेश में करीब 16 करोड़ मतदाता होने चाहिए, लेकिन SIR के बाद मतदाता सूची में केवल 13.39 करोड़ नाम हैं। करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम सूची में नहीं हैं। योगी ने कहा कि प्रदेश की 28 शहरी सीटें खतरे में हैं, जबकि 66 अन्य सीटों पर भी स्थिति चिंताजनक है।
इसलिए पार्टी के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और विधानसभा प्रभारियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए सक्रिय होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी कि इस काम में लापरवाही भारी पड़ सकती है। इससे पहले, करीब 9 महीने बाद लखनऊ पहुंचे शाह का सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम ने स्वागत किया।
बैठक में योगी और शाह अगल-बगल बैठे। यूपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और यूपी भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े भी मौजूद रहे। शाह ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के सभागार में हो रही बैठक में विधानसभा चुनाव के रोडमैप पर बात की। 2500 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को यूपी में भाजपा की हैट्रिक लगाने का मंत्र दिया।
शाम 5 बजे समापन सत्र को सीएम योगी संबोधित करेंगे।
📡 स्रोत: Dainik Bhaskar