राज्य

शाहजहांपुर में आपदा प्रभावित 53 हजार किसानों को 22.13 करोड़ की राहत, 1,688 गांवों में फसलें प्रभावित

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 12 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
शाहजहांपुर में आपदा प्रभावित 53 हजार किसानों को 22.13 करोड़ की राहत, 1,688 गांवों में फसलें प्रभावित

शाहजहांपुर में प्राकृतिक आपदाओं से फसल क्षति झेलने वाले किसानों को राहत देने के लिए प्रदेश सरकार ने सहायता राशि जारी करने की पहल की है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से बाढ़, अतिवृष्टि और चक्रवात से प्रभावित प्रदेश के नौ लाख से अधिक किसानों को कुल 493 करोड़ रुपये की कृषि निवेश अनुदान राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की।

इसी क्रम में शाहजहांपुर में भी विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों और तहसीलों में कार्यक्रम आयोजित कर प्रभावित किसानों को प्रतीकात्मक डमी चेक वितरित किए गए।जिलाधिकारी के अनुसार, शाहजहांपुर में प्राकृतिक आपदाओं से करीब 53 हजार किसान प्रभावित हुए हैं। इनके लिए कुल 22.13 करोड़ रुपये की सहायता राशि निर्धारित की गई है।

जनपद के 1,688 गांवों में लगभग 11,694 हेक्टेयर फसल क्षेत्र प्रभावित होने का आकलन किया गया है। पात्र किसानों के बैंक खातों में सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी जा रही है।आपदा के प्रकार के अनुसार, चक्रवात से प्रभावित करीब 48 हजार किसानों के लिए 20 करोड़ रुपये, बाढ़ प्रभावित लगभग 2,400 किसानों के लिए 89 लाख रुपये और अतिवृष्टि से प्रभावित 1,688 किसानों के लिए 17 लाख रुपये की सहायता निर्धारित की गई है।सदर विधानसभा क्षेत्र में 1,570 लाभार्थियों के लिए 62.76 लाख रुपये की सहायता तय की गई है।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की उपस्थिति में किसानों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। ददरौल विधानसभा क्षेत्र में 11,319 लाभार्थियों के लिए 4.73 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। विधायक अरविंद कुमार सिंह की मौजूदगी में चेक वितरित किए गए।तहसील पुवायां में 11,964 लाभार्थियों के लिए 7.45 करोड़ रुपये, तिलहर में 9,943 लाभार्थियों के लिए 4.48 करोड़ रुपये, जलालाबाद में 7,801 लाभार्थियों के लिए 2.68 करोड़ रुपये और कलान में 7,434 लाभार्थियों के लिए 1.98 करोड़ रुपये की सहायता निर्धारित की गई है।

इन क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किसानों को प्रतीकात्मक डमी चेक दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित प्रत्येक पात्र किसान को नियमानुसार राहत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।