शाहजहांपुर में मतदाता सूची से छूटे लोगों के नाम जोड़ने के लिए चलेगा अभियान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
शाहजहांपुर में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में निर्वाचक नामावली से छूटे पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई।
इसमें आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदाता सूचियों के मिलान, सत्यापन और नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।बैठक में बताया गया कि 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली का सात जनवरी 2025 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली और उसकी पूरक सूचियों से मिलान किया जाएगा।
इस दौरान ऐसे मतदाताओं को चिह्नित किया जाएगा, जिनके नाम पहले की सूची में थे, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं हैं। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर इन मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। पात्र पाए जाने वाले व्यक्तियों से फार्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।बीएलओ को एक सप्ताह में कम से कम 20 से 25 मतदाताओं से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अभियान का कार्य लगभग एक माह में पूरा किया जा सके।
घर-घर भ्रमण के दौरान पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, महिला और दिव्यांग मतदाताओं की भी पहचान की जाएगी। बीएलओ द्वारा तैयार सूची बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ साझा की जाएगी।अभियान में बेघर व्यक्तियों, श्रमिक बस्तियों में रहने वाले लोगों, रात्रि आश्रयों में ठहरने वालों और समाज की मुख्यधारा से वंचित लोगों को भी मतदाता सूची से जोड़ने पर जोर दिया गया।
इसके लिए ग्रामसभा, नगर पंचायत और बूथ स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। शिक्षण संस्थानों, जनसंपर्क, स्वीप गतिविधियों और प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अभियान में सहयोग करने और अपने बूथ लेवल एजेंटों को प्रक्रिया की जानकारी देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।