देश

शहीद टीआई के घर पहुंचे जीतू पटवारी, बोले - "दिलीप पुरी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी पुलिसकर्मियों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, मुख्यमंत्री तत्काल करें घोषणा"

लेखक: Sanjida Khanam अंतिम अपडेट: 5 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
शहीद टीआई के घर पहुंचे जीतू पटवारी, बोले - "दिलीप पुरी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी पुलिसकर्मियों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, मुख्यमंत्री तत्काल करें घोषणा"

शराब माफियाओं को किसका संरक्षण? गुजरात में अवैध शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की सीबीआई जांच की मांग

धार। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी 5 नवंबर को ग्राम बरमंडल पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश पुरी के सुपुत्र एवं खातेगांव थाना प्रभारी स्वर्गीय दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं।

फोटो
फोटो

इस अवसर पर जीतू पटवारी ने कहा कि दिलीप पुरी का असमय निधन अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। पुलिस विभाग के कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में दिन-रात, 24 घंटे जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाते हैं। कई बार उन्हें नियमित अवकाश तक नहीं मिल पाता। ऐसे में सरकार का दायित्व है कि पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करे।

फोटो
फोटो

पटवारी ने मुख्यमंत्री, जो प्रदेश के गृह मंत्री भी हैं, से मांग की कि पुलिस विभाग के तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के बच्चों को पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा देने की तत्काल घोषणा की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपना अधिकांश समय जनता की सुरक्षा में लगाते हैं, इसलिए उनके परिवारों और बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी सरकार को उठानी चाहिए। पुलिसकर्मियों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराना स्वर्गीय दिलीप पुरी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इससे पुलिसकर्मियों पर आर्थिक बोझ कम होगा और उन्हें बच्चों की शिक्षा एवं भविष्य को लेकर राहत मिलेगी।

अवैध शराब कारोबार पर सरकार से मांगा जवाब

प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी पर सवाल उठाते हुए पटवारी ने आरोप लगाया कि गांव-गांव और गली-मोहल्लों में डायरी पर अवैध शराब बेची जा रही है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर यह कारोबार बिना प्रशासनिक और राजनीतिक संरक्षण के संचालित नहीं हो सकता। सरकार को बताना चाहिए कि शराब माफियाओं को किसका संरक्षण प्राप्त है और वे किसके संरक्षण में बेखौफ होकर कारोबार कर रहे हैं।

पटवारी ने गुजरात में अवैध शराब की सप्लाई और तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार केवल विजुअल और मीडिया मैनेजमेंट तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे मामले की तह तक जाकर अवैध शराब की सप्लाई करने वाले माफियाओं, उनके सहयोगियों और उन्हें संरक्षण देने वालों की भूमिका उजागर करे। इसके लिए उन्होंने पूरे नेटवर्क की सीबीआई जांच कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि शराब माफियाओं को राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण देना तत्काल बंद होना चाहिए। अवैध कारोबार में शामिल लोगों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि इस कारोबार पर प्रभावी रोक लग सके।

इस दौरान पूर्व मंत्री एवं कुक्षी विधायक सुरेंद्रसिंह सिंह बघेल, सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी, जिला कांग्रेस प्रभारी रघु परमार, इंदौर ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, पूर्व विधायक पांचीलाल मेडा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

S
Sanjida Khanam

Sanjida Khanam डिजिटल हिंदी पत्रकारिता के साथ सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में सक्रिय हैं।