शाजापुर में कृष्णमृग और नीलगायों के रेस्क्यू अभियान का CM मोहन यादव ने किया निरीक्षण, अब तक 1,275 वन्यजीवों का स्थानांतरण
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
कुलमनखेड़ी के बोमा स्थल पर मुख्यमंत्री ने विशेषज्ञों और अधिकारियों से ली जानकारी।
किसानों की फसलों को वन्यजीवों से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए अभियान का दूसरा चरण जारी।
शाजापुर, अक्टूबर 28: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को शाजापुर जिले के ग्राम कुलमनखेड़ी स्थित बोमा स्थल पर कृष्णमृग और नीलगायों के कैप्चर एवं ट्रांसलोकेशन अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने दक्षिण अफ्रीकी विशेषज्ञों की टीम से रेस्क्यू प्रक्रिया की जानकारी ली और वन विभाग तथा प्रशासनिक अधिकारियों से अभियान की प्रगति पर चर्चा की।
बोमा पद्धति के तहत वन्यजीवों को सुरक्षित तरीके से एकत्रित कर परिवहन वाहनों के जरिए निर्धारित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य किसानों की फसलों को वन्यजीवों से होने वाले नुकसान से बचाना भी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर शाजापुर–शुजालपुर क्षेत्र में कृष्णमृग कैप्चर एवं स्थानांतरण अभियान का द्वितीय चरण जारी है।
अभियान के अंतर्गत ग्राम बाड़ीगांव में सोमवार को 169 तथा मंगलवार को 111 वन्यजीवों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। ग्राम बाड़ीगांव में दो दिनों में कुल 280 वन्यजीवों का रेस्क्यू किया गया है। इसके साथ ही अभियान में अब तक रेस्क्यू किए गए वन्यजीवों की कुल संख्या 1,275 हो गई है।