शक्ति दिवस पर एनीमिया की स्क्रीनिंग
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर द्वितीय जिले में शक्ति दिवस के तहत बच्चों, किशोरियों और महिलाओं की एनीमिया स्क्रीनिंग व हीमोग्लोबिन जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग ने जरूरतमंदों को उपचार और आयरन की गोलियां वितरित कर पोषणयुक्त आहार के प्रति जागरूक किया।
जयपुर द्वितीय, 6 अक्टूबर। जिले में मंगलवार को शक्ति दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों, किशोरी बालिकाओं और महिलाओं में एनीमिया की पहचान के लिए स्क्रीनिंग एवं हीमोग्लोबिन की जांच की गई। जांच के बाद एनीमिया से प्रभावित लोगों को उपचार उपलब्ध कराया गया और आयरन की गोलियों का वितरण किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि शक्ति दिवस का उद्देश्य बच्चों, महिलाओं और किशोरियों में एनीमिया की दर को कम करना है। इसके तहत बच्चों, किशोरी बालिकाओं, विवाहित महिलाओं, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं में एनीमिया की पहचान, उपचार और बचाव के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में एनीमिया मुक्त राजस्थान के उद्देश्य को लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अन्य संबंधित विभागों के साथ मिलकर हर माह के प्रत्येक मंगलवार को शक्ति दिवस आयोजित करता है। इस दौरान एनीमिया की जांच के साथ लोगों को इसके कारणों, बचाव और उपचार के बारे में जानकारी दी जाती है।
शक्ति दिवस के अवसर पर मौसमी बीमारियों से बचाव और पोषण माह के तहत पोषणयुक्त एवं संतुलित आहार लेने के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को नियमित जांच कराने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।