राज्य

शतायु मतदाताओं का सम्मान, लोकतंत्र को सलाम

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 1 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
शतायु मतदाताओं का सम्मान, लोकतंत्र को सलाम

सलूंबर में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ और शतायु मतदाताओं का सम्मान किया गया। अदकालिया वृद्धाश्रम में भी बुजुर्गों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर उनके योगदान और अनुभवों को सम्मानित किया गया।

सलूंबर, 1 अक्टूबर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सलूंबर विधानसभा क्षेत्र में वरिष्ठ एवं शतायु मतदाताओं के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान वयोवृद्ध मतदाताओं का अभिनंदन कर लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनके लंबे योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनैद पी.पी., उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश राय सापेला, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम जगदीश चंद्र बामनिया, सहायक निर्वाचक अधिकारी वीरेंद्र सिंह राठौड़ तथा स्वीप प्रभारी रामावतार यादव के निर्देशन में सलूंबर शहर सहित विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्थानीय अधिकारियों और कार्मिकों ने वयोवृद्ध मतदाताओं का सम्मान किया।

कार्यक्रमों के दौरान बुजुर्ग मतदाताओं को माला पहनाकर और सम्मान स्वरूप सामग्री भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि वरिष्ठ मतदाताओं का लोकतांत्रिक प्रक्रिया में निरंतर योगदान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है।

इसी क्रम में अदकालिया स्थित कृष्ण कल्याण वृद्धाश्रम में भी विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एडीजे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विनीत कुमार, समाज कल्याण अधिकारी ममता जाखड़, आश्रम सेविका माया बहन, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी महेश आमेटा, अमृत लाल रजक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

समारोह में वृद्धाश्रम में निवासरत सभी वृद्धजनों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके अनुभवों और समाज के प्रति योगदान को याद करते हुए बुजुर्गों के सम्मान और गरिमा को बनाए रखने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में युवाओं और अन्य पात्र मतदाताओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के साथ मतदाता जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।

बाइट - महेश चंद्र आमेटा, पूर्व जिला अधिकाधिकरी

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।