शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर रहा है भोरंज का मॉडल: सुरेश कुमार
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सरकारी स्कूलों के बच्चों को मिल रही है ऑनलाइन नि:शुल्क कोचिंग की सुविधा
अक्तूबर 30, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): विधायक सुरेश कुमार ने कहा है कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं बेहतर कॅरियर के लिए तैयार करने हेतु भोरंज विधानसभा क्षेत्र में की गई एक विशेष पहल के काफी अच्छे परिणाम सामने आए हैं और भोरंज का यह ‘मॉडल’ एक उदाहरण बन रहा है।
इसके लिए शिक्षक और विद्यार्थी बधाई के पात्र हैं। आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टा में आयोजित एक कार्यशाला में सुरेश कुमार ने कहा कि भोरंज के स्कूलों में फ्री ऑनलाइन कोचिंग की शुरुआत के समय कुछ दिक्कतें आ रही थीं, लेकिन इन सभी समस्याओं का निवारण करके बच्चों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
सुरेश कुमार ने बताया कि कोचिंग क्लासेज के सुचारू संचालन के लिए भोरंज के सभी सीनियर सेकंडरी स्कूलों में प्राथमिकता के आधार पर स्मार्ट क्लासेज, इंटरनेट और सभी आवश्यक उपकरणों का प्रावधान किया गया है। कोचिंग के दौरान बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सोलर पैनल या इनवर्टरों की व्यवस्था भी की गई है।
विधायक ने बताया कि इन सभी प्रबंधों के लिए उन्होंने व्यक्तिगत प्रयासों से धनराशि का प्रावधान करवाया है। उन्होंने कहा कि बारहवीं कक्षा के बाद कई बच्चों और उनके अभिभावकों को कॅरियर के विकल्पों को लेकर असमंजस की स्थिति का सामना करना पड़ता है। इसलिए, शिक्षक सभी बच्चों में छिपी प्रतिभा एवं क्षमता की पहचान करें और उन्हें तराशने एवं निखारने के लिए कार्य करें।
अगर यह कार्य मिडल स्तर पर ही कर दिया जाए तो विद्यार्थी मैट्रिक के बाद अपनी इच्छा, रुचि और क्षमता के अनुसार ही कॅरियर के विकल्प चुनने में सक्षम होंगे। इस अवसर पर विधायक ने भोरंज की ऑनलाइन कोचिंग व्यवस्था से संबंधित एक वेबसाइट का शुभारंभ भी किया। कार्यशाला में कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, एसडीएम शशिपाल शर्मा, सेकेंडरी शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, भोरंज के विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य और अन्य शिक्षक भी उपस्थित थे।