राजनीति

शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी, ज्ञान का अहंकार और अहंकार का ज्ञान दोनों में अंतर : उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

लेखक: Sanjida Khanam अंतिम अपडेट: 11 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी, ज्ञान का अहंकार और अहंकार का ज्ञान दोनों में अंतर : उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

सीधी के ग्राम बेलदह में समाजसेवी स्वर्गीय शिवकुमार दुबे की प्रतिमा का किया अनावरण, बोले- समाजसेवा और अच्छे विचारों से व्यक्तित्व सदैव जीवित रहता है

भोपाल, 11 नवंबर 2026। शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि व्यक्ति के भीतर विनम्रता, अच्छे संस्कार और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। ज्ञान के साथ संस्कार और विनम्रता ही व्यक्ति को वास्तविक सम्मान दिलाते हैं। यह बात उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सीधी जिले के ग्राम बेलदह में समाजसेवी स्वर्गीय पंडित शिवकुमार दुबे की प्रतिमा के अनावरण समारोह में कही।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में शिक्षा के साथ संस्कार भी अत्यंत आवश्यक हैं। केवल ज्ञान अर्जित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उस ज्ञान के साथ विनम्रता और अच्छे संस्कार होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा, “ज्ञान का अहंकार और अहंकार का ज्ञान, इन दोनों में बहुत अंतर है।” व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके ज्ञान के साथ-साथ व्यवहार, संस्कार और समाज के प्रति समर्पण से बनती है।

समाजसेवा के कार्यों से सदैव याद किए जाते हैं समर्पित व्यक्तित्व

स्वर्गीय शिवकुमार दुबे के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के लिए समर्पित व्यक्तित्व अपने अच्छे कार्यों और विचारों के माध्यम से सदैव लोगों के हृदय में जीवित रहते हैं। ऐसे लोगों की स्मृति में स्थापित प्रतिमाएं आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों और समाजसेवा की प्रेरणा देती हैं।

उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का सम्मान केवल उसके जीवनकाल तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसके द्वारा समाज के लिए किए गए कार्य उसे लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में बनाए रखते हैं।

सांसदों ने भी दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम में सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने स्वर्गीय शिवकुमार दुबे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन सामाजिक समरसता, सद्भाव और जनसेवा की भावना का प्रतीक रहा। उनकी स्मृति में प्रतिमा की स्थापना नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से परिचित कराने का सराहनीय प्रयास है।

रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि किसी व्यक्ति का वास्तविक सम्मान समाज के लिए किए गए उसके कार्यों और लोगों के दिलों में बनाई गई जगह से होता है। स्वर्गीय शिवकुमार दुबे ने अपने व्यक्तित्व और सामाजिक व्यवहार से क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई थी। उनकी स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम समाज की श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है।

'सेक्रेटरी साहब' के नाम से क्षेत्र में थी पहचान

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय शिवकुमार दुबे क्षेत्र में 'सेक्रेटरी साहब' के नाम से लोकप्रिय थे। समाज में उनकी अच्छी प्रतिष्ठा थी और अपने व्यवहार एवं सामाजिक कार्यों के माध्यम से उन्होंने लोगों के बीच विशेष स्थान बनाया था। उनकी पुण्य स्मृति में उनके निज निवास ग्राम बेलदह में प्रतिमा अनावरण समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, सीधी के पूर्व सांसद गोविंद मिश्रा और विशेष अतिथि बाला व्यंकटेश शास्त्री उपस्थित रहे। इसके अलावा महेश प्रसाद दुबे, डॉ. डी.एन. दुबे सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और परिवारजन मौजूद रहे।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

यह विषय शिक्षा के साथ संस्कार और विनम्रता के महत्व पर है। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि ज्ञान के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी और अच्छे विचारों से ही व्यक्ति का वास्तविक सम्मान बनता है। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि यह शिक्षा के पारंपरिक उद्देश्य को नया आयाम देती है और समाज में नैतिक मूल्यों के प्रसार को प्रेरित करती है। यदि इस दृष्टिकोण को अपनाया जाए तो आम जनता में आत्म-विश्वास, सहानुभूति और सामाजिक समरसता बढ़ेगी, जिससे समाज में शांति और विकास की गति तेज होगी।

S
Sanjida Khanam

Sanjida Khanam डिजिटल हिंदी पत्रकारिता के साथ सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में सक्रिय हैं।