शिक्षक मतलब समाधान, राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका: महेंद्र कपूर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सीकर के लक्ष्मणगढ़ में दो दिवसीय जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन शुरू हुआ, जिसमें करीब 2500 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। महेंद्र कपूर ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण और संस्कारों का वाहक बताते हुए शिक्षा की गुणवत्ता व संगठन की मजबूती पर जोर दिया।
सीकर, 18 सितम्बर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) राजस्थान, जिला सीकर का दो दिवसीय जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन गुरुवार को लक्ष्मणगढ़ स्थित एशियन पब्लिक स्कूल में शुरू हुआ। सम्मेलन में जिले के विभिन्न खंडों से करीब 2500 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूज्य दिनेशगिरि महाराज के सान्निध्य में दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। सम्मेलन में शिक्षकों की भूमिका, शिक्षा की गुणवत्ता और संगठन की मजबूती से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
मुख्य वक्ता एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर ने कहा कि “शिक्षक मतलब समाधान है।” उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे राष्ट्र निर्माण और संस्कारों के वाहक भी हैं। उन्होंने शिक्षकों से शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के साथ संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी किरण सैनी ने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आवश्यकता बढ़ी है। उन्होंने शिक्षकों से नई तकनीकों और नवाचारों को अपनाकर विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट सदस्यता के लिए धोद खंड के पदाधिकारियों का सम्मान भी किया गया। दो दिवसीय सम्मेलन में शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श और शिक्षकों के अनुभव साझा किए जाएंगे।