शिमला में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस एवं एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अगस्त 11, शिमला (हिमाचल प्रदेश): जिला शिमला में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (National Deworming Day-NDD) तथा एचपीवी टीकाकरण अभियान की तैयारियों एवं प्रगति की समीक्षा को लेकर जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का पहला चरण 18 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह एक दिवसीय अभियान जिला सहित पूरे राज्य में सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल दी जाएगी।
वहीं 1 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक भी प्रदान की जाएगी। दोनों गतिविधियां भारत सरकार एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वर्ष में दो बार आयोजित की जाती हैं। जिला में यह अभियान फरवरी 2015 से नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है।बैठक में जानकारी दी गई कि 5 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली दी जाएगी, जबकि 1 से 5 वर्ष के बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से अभियान में शामिल किया जाएगा।
नर्सरी से कक्षा 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को स्कूलों के माध्यम से कवर किया जाएगा। अभियान का संयुक्त संचालन स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा शिक्षा विभाग द्वारा किया जाएगा। जिला शिमला की फैक्ट शीट के अनुसार अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला में: सरकारी स्कूल – 2,105, निजी स्कूल – 450, आंगनबाड़ी केंद्र – 2,154, आशा कार्यकर्ता – 997,1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लिए एल्बेंडाजोल का लक्ष्य – 2,15,738,1 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लिए विटामिन-ए का लक्ष्य – 51,660 रखा गया है।