शिमला में भाजपा की पदयात्रा, राहुल गांधी पर बरसे हेमंत बिस्वा सरमा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
शिमला में भाजपा ने SIR के समर्थन और कांग्रेस के विरोध में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' महापदयात्रा निकाली। असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा की अगुवाई में यह पदयात्रा कार्ट रोड स्थित गुरुद्वारे से चौड़ा मैदान तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इसके बाद आयोजित जनसभा में सरमा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखे राजनीतिक हमले किए।
उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को वोट चोरी का आरोप लगाने के बजाय भाजपा से दिल जीतना सीखना चाहिए। उन्होंने राम मंदिर निर्माण और अनुच्छेद 370 हटाने का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा विकास और अपने फैसलों के दम पर चुनाव जीत रही है। सरमा ने SIR को लेकर कांग्रेस के विरोध पर सवाल उठाए और राहुल गांधी को चुनौती दी कि यदि उन्हें चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है तो कांग्रेस उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान करे।
सरमा ने राहुल गांधी से 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर भी देश की जनता से माफी मांगने की मांग की। वहीं, हिमाचल प्रदेश की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने दावा किया कि अगले साल प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर भी निशाना साधा।