शिवपुरी: ‘आत्मा’ योजना के तहत सर्वश्रेष्ठ कृषक पुरस्कार के लिए 21 अक्टूबर तक करें आवेदन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
शिवपुरी। कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीकों को अपनाकर उत्कृष्ट उत्पादन प्राप्त करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा ‘सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन’ (आत्मा) योजना के तहत सर्वश्रेष्ठ कृषक पुरस्कार के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में मूल्यांकन वर्ष 2025-26 के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
नवीन कृषि तकनीक अपनाने वाले किसानों को मिलेगा पुरस्कार
परियोजना संचालक आत्मा श्री मुनेश कुमार शाक्य ने बताया कि कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, कृषि अभियांत्रिकी एवं मत्स्यपालन के क्षेत्र में वैज्ञानिक पद्धतियों और नवीन कृषि तकनीकों को अपनाकर बेहतर उत्पादन प्राप्त करने वाले किसानों को राज्य, जिला एवं विकासखंड स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। योजना के तहत जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित कृषकों को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, विकासखंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कृषकों को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे।
21 अक्टूबर तक जमा करें आवेदन
जिले के इच्छुक किसान निर्धारित प्रारूप में अपनी प्रविष्टियां पूर्ण कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय में 21 अक्टूबर 2026 तक आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र का निर्धारित प्रारूप विकासखंड स्तर पर पदस्थ बीटीएम (आत्मा) अथवा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी से प्राप्त किया जा सकता है।
पिछले सात वर्षों में पुरस्कृत किसान नहीं होंगे पात्र
कृषि विभाग के अनुसार, ऐसे किसान जिनका पिछले सात वर्षों में इस पुरस्कार के लिए चयन हो चुका है, उन्हें इस बार पात्र नहीं माना जाएगा। इस नियम का उद्देश्य नए किसानों को नवीन कृषि तकनीकों को अपनाने, उत्पादन बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए समान अवसर एवं प्रोत्साहन प्रदान करना है। कृषि विभाग ने पात्र किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रक्रिया पूरी कर योजना का लाभ उठाएं।