अपराध

शिवपुरी में पुल के नीचे मिला 28 वर्षीय शिवम शर्मा का शव, पास में पड़ी मिली बाइक; पिता ने जताई हत्या की आशंका

लेखक: Kuldeep Sharma अंतिम अपडेट: 30 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
शिवपुरी में पुल के नीचे मिला 28 वर्षीय शिवम शर्मा का शव, पास में पड़ी मिली बाइक; पिता ने जताई हत्या की आशंका

कुलदीप शर्मा शिवपुरी

शिवपुरी। शहर के गुना बायपास स्थित थीम रोड पर श्रीराम धर्म कांटे के पास शुक्रवार सुबह पुल के नीचे 28 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विवेकानंद कॉलोनी निवासी शिवम शर्मा के रूप में हुई है। शव के पास ही उनकी बाइक भी पड़ी मिली। मृतक के पिता ने बेटे की हत्या कर शव नाले में फेंकने की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार शिवम शर्मा एक निजी सोलर कंपनी में नौकरी करते थे। गुरुवार शाम वह घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

शुक्रवार सुबह कोतवाली पुलिस शिवम की गुमशुदगी दर्ज करने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को थीम रोड पर पुल के नीचे एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव के पास बाइक भी खड़ी मिली। जांच के दौरान मृतक की पहचान शिवम शर्मा के रूप में हुई।

बेटे का शव देखकर पटवारी पिता सुरेश शर्मा सदमे में बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां भर्ती कराया गया।

बताया जा रहा है कि शिवम की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। पिता सुरेश शर्मा ने बेटे की हत्या कर शव नाले में फेंके जाने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है।

फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

K
Kuldeep Sharma

कुलदीप शर्मा पिछोर, शिवपुरी के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं