अपराध

श्रीगंगानगर के 100वें स्थापना दिवस पर 25 अक्टूबर को होगी गंगानगर मैराथन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 24 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
श्रीगंगानगर के 100वें स्थापना दिवस पर 25 अक्टूबर को होगी गंगानगर मैराथन

श्रीगंगानगर , 24 अक्टूबर । श्रीगंगानगर के 100वें स्थापना दिवस को खास बनाने के लिए शहर में गंगानगर मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। 25 अक्टूबर को पुलिस लाइन में होने वाली ‘रन फॉर फिट गंगानगर’ मैराथन को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह है। आयोजन की तैयारियों के तहत शनिवार को पुलिस लाइन में बिब एक्सपो आयोजित किया गया, जहां प्रतिभागियों को मैराथन किट वितरित करने के साथ ही दौड़ के रूट और जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।

जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने बताया कि फिट गंगानगर सोसायटी की ओर से आयोजित इस मैराथन का उद्देश्य आमजन को फिटनेस, स्वास्थ्य और नियमित व्यायाम के प्रति जागरूक करना है। मैराथन में 21 किलोमीटर हाफ मैराथन सुबह 5 बजकर 15 मिनट, 10 किलोमीटर दौड़ सुबह 5 बजकर 45 मिनट और 5 किलोमीटर दौड़ सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर शुरू होगी।

वहीं, सुबह 7 बजे निःशुल्क फन रन आयोजित की जाएगी। प्रतिभागियों को अपनी निर्धारित दौड़ के समय से एक घंटा पहले आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा। बिब एक्सपो में अलग-अलग दौड़ श्रेणियों के लिए स्टॉल लगाए गए, जहां पंजीकृत प्रतिभागियों को टी-शर्ट, किट और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। उप रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां दीपक कुक्कड़ ने बताया कि प्रतिभागियों को आयोजन की प्रक्रिया और निर्धारित रूट चार्ट की जानकारी भी दी गई, ताकि उन्हें दौड़ में भाग लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।

बिब एक्सपो के दौरान खेल, स्वास्थ्य और फूड एक्टिविटी सहित विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की गईं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक वीरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली के प्रति प्रोत्साहित करना है। गंगानगर मैराथन में प्रतिभागियों के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार भी रखे गए हैं।

21 किलोमीटर हाफ मैराथन में प्रथम स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 31 हजार, द्वितीय को 21 हजार और तृतीय को 11 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं, 10 किलोमीटर दौड़ में प्रथम पुरस्कार 21 हजार, द्वितीय 11 हजार और तृतीय 5 हजार 100 रुपये निर्धारित है। 5 किलोमीटर दौड़ में प्रथम पुरस्कार 11 हजार, द्वितीय 5 हजार 100 और तृतीय 3 हजार 100 रुपये मिलेगा।

पुरुष एवं महिला वर्ग में कुल 18 विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। श्रीगंगानगर के 100वें स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाली यह मैराथन शहरवासियों को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के साथ ही खेल भावना और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देने का माध्यम बनेगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।