श्रीगंगानगर में पल्स पोलियो अभियान का आगाज
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
श्रीगंगानगर, 22 नवंबर। श्रीगंगानगर जिले सहित सूरतगढ़ उपखंड और ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ हुआ। उप राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को विभिन्न पोलियो बूथों पर जिंदगी की दो बूंद पिलाई जा रही हैं। अभियान के तहत 23 और 24 नवंबर को बूथ पर दवा पीने से वंचित रह गए बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
सूरतगढ़ में ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. मनोज अग्रवाल, उपखंड अधिकारी भरत जयप्रकाश मीणा और डॉ. सुभाष महर्षि ने बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाकर अभियान को गति दी। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने अभिभावकों को पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए जागरूक किया। वहीं, रायसिंहनगर के ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. मोहन सोलंकी ने बताया कि ब्लॉक में अभियान के प्रभावी संचालन के लिए 126 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर 3 ट्रांजिट टीमें और एक मोबाइल टीम तैनात की गई है, ताकि यात्रा करने वाले परिवारों के बच्चों को भी पोलियो की खुराक पिलाई जा सके।
नर्सिंग अधिकारी श्रीमती चंद्रकला ने बताया कि तीन दिवसीय अभियान के पहले दिन ही लोगों में जागरूकता देखने को मिल रही है। अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पोलियो बूथों पर पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी अपने पेशेवर दायित्व का निर्वहन कर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर संतोष महसूस कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभिभावकों से अपील की गई है कि वे पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे।