भोपाल

श्रीलंका में बाग प्रिंट कला बिखेरेगी अपनी छटा, धार के शिल्पकार मोहम्मद आरिफ खत्री को मिला आमंत्रण

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
श्रीलंका में बाग प्रिंट कला बिखेरेगी अपनी छटा, धार के शिल्पकार मोहम्मद आरिफ खत्री को मिला आमंत्रण

भोपाल। मध्यप्रदेश की समृद्ध पारंपरिक कला और सांस्कृतिक विरासत अब श्रीलंका में अपनी छटा बिखेरेगी। धार जिले की विश्व प्रसिद्ध बाग प्रिंट कला को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। बाग के शिल्पकार मोहम्मद आरिफ खत्री को कोलंबो में आयोजित होने वाले ‘इंडो-श्रीलंका सीलोन क्राफ्ट वीक 2026’ में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया गया है।

यह अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला 29 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित होगा। इसमें बाग प्रिंट कला की विशिष्ट छपाई शैली, प्राकृतिक रंगों के उपयोग और पारंपरिक शिल्प तकनीकों को प्रदर्शित किया जाएगा। बाग प्रिंट अपनी बारीक डिजाइन, पारंपरिक प्रक्रियाओं और विशिष्ट रंग संयोजन के लिए पहचानी जाती है।

इस आयोजन का संचालन श्रीलंका की राष्ट्रीय शिल्प परिषद और कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग के स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। मेले का उद्देश्य भारत और श्रीलंका के बीच पारंपरिक शिल्पकला, सांस्कृतिक विरासत और कलात्मक परंपराओं के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।

मोहम्मद आरिफ खत्री की भागीदारी से मध्यप्रदेश की पारंपरिक बाग प्रिंट कला को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इससे प्रदेश की हस्तशिल्प परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने और पारंपरिक शिल्प को नई संभावनाओं से जोड़ने में मदद मिल सकती है। प्राकृतिक रंग, पारंपरिक तकनीक और अनूठी छपाई शैली बाग प्रिंट की पहचान हैं।

अब यही विरासत श्रीलंका के अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में आकर्षण का केंद्र बनेगी।

-----

लोअर हेडर

मध्यप्रदेश की बाग प्रिंट कला श्रीलंका में बिखेरेगी अपनी छटा

धार के शिल्पकार मोहम्मद आरिफ खत्री को अंतरराष्ट्रीय मेले का आमंत्रण

29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक कोलंबो में होगा इंडो-श्रीलंका सीलोन क्राफ्ट वीक 2026

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।