व्यापार

श्योपुर- सब्जी बेचने से की शुरूआत, अब कर रही रेडिमेड वस्त्र व्यवसाय का संचालन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 12 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
श्योपुर- सब्जी बेचने से की शुरूआत, अब कर रही रेडिमेड वस्त्र व्यवसाय का संचालन

श्योपुर। जिले के ग्राम ढोटी की रहने वाली रामलीला बाई और राधा स्वामी स्वसहायता समूह से जुडी हुई है। समूह से जुडने से पहले तक परिवार के पास खेती हेतु जमीन नही होने के कारण परिवार की आमदनी का एक मात्र जरिया चलती-फिरती सब्जी की दुकान मात्र थी, जिससे परिवार का गुजारा बमुश्किल हो पाता था, लेकिन समूहों की बैठकों और एनआरलएम द्वारा आयोजित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सतत् रूप से भागीदारी करते हुए उसने व्यापार व्यवसाय संचालन के गुण सीखे और सबसे पहले भैस पालन के लिए ऋण लिया, दुग्ध उत्पादन से उसे आमदनी होने लगी, इसके पश्चात् उसने अपने समूह की मदद और स्वयं की बचत से पति को मोटरसाइकिल दिलवाई, जिससे वह सब्जी बेचने का कार्य आसपास के गांव में जाकर करने लगे।

धीरे-धीरे परिवार की आमदनी बढने लगी, इसके पश्चात् उसके द्वारा मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से एक लाख रूपये का लोन लेकर गांव में ही रेडिमेड वस्त्र व्यवसाय का कार्य शुरू किया और सिलाई भी करने लगी। वर्तमान में उनके द्वारा एक से अधिक रोजगारमूलक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है तथा सभी ऋण भी चुका दिये है, बचत से थोडी जमीन भी खरीद ली है।

उनकी लगनशीलता के चलते आज वे गीता गोपाल ग्राम संगठन की अध्यक्ष भी बन गई है तथा गांव में अन्य समूहों से जुडी महिलाओं को ग्राम संगठन के माध्यम से 18 लाख रूपये की सीसीएल राशि भी विभिन्न आजीविका मूलक गतिविधियों को संचालित करने के लिए उपलब्ध करा चुकी है। वर्तमान में विभिन्न रोजगारमूलक गतिविधियों के माध्यम से उनकी पारिवारिक आय 20 हजार रूपये प्रतिमाह से अधिक हो गई है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।