श्योपुर के वार्ड-13 में मलेरिया-डेंगू नियंत्रण के लिए सर्वे, 61 घरों की जांच में 3 कंटेनर मिले लार्वा पॉजिटिव
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
श्योपुर। जिले में मलेरिया एवं डेंगू पर नियंत्रण और मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन और जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसएन बिंदल के निर्देशन में वार्ड क्रमांक 13 में विशेष सर्वे एवं कीटनाशक छिड़काव की कार्रवाई की गई।
61 घरों में किया लार्वा सर्वे
मलेरिया निरीक्षक श्री श्यामलाल बाथम के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वार्ड के 61 घरों में लार्वा सर्वे किया। जांच के दौरान 3 कंटेनरों में मच्छरों के लार्वा पाए गए। टीम ने अपनी निगरानी में इन कंटेनरों को खाली करवाकर लार्वा नष्ट कराया।
इसके अलावा 148 कमरों में पाइरेथ्रम घोल का स्पेस स्प्रे किया गया। घरों के आसपास पानी से भरे गड्ढों, खाली प्लॉटों और नालियों में भी कीटनाशक दवा का घोल डाला गया, ताकि मच्छरों के प्रजनन पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
नागरिकों को मच्छरों से बचाव की समझाइश
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नागरिकों को मलेरिया एवं डेंगू से बचाव के लिए जागरूक किया। लोगों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने और घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने की सलाह दी गई।
साथ ही, पानी से भरे गड्ढों और अन्य स्थानों से जल निकासी सुनिश्चित करने तथा जहां जल निकासी संभव न हो, वहां स्वास्थ्य विभाग की सलाह के अनुसार उचित उपाय अपनाने के लिए कहा गया। पानी जमा होने वाले स्थानों की नियमित सफाई करने पर भी जोर दिया गया।
बुखार आने पर तत्काल कराएं जांच
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे कूलर, पानी की टंकियों और अन्य जल पात्रों की नियमित सफाई करें तथा घरों एवं आसपास पानी जमा न होने दें। मलेरिया और डेंगू के खतरे को कम करने के लिए व्यक्तिगत सावधानी के साथ आसपास स्वच्छता बनाए रखना भी जरूरी है। विभाग ने यह भी सलाह दी है कि बुखार आने पर लापरवाही न बरतें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं उपचार कराएं।