विदेश

सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 7 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी

रायपुर,7 नवंबर 2026

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सीबीएसई ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं अगले वर्ष 16 फरवरी से शुरू होंगी। परीक्षा सुबह 10:30 बजे शुरू होगी। 10वीं की परीक्षाएं 9 मार्च को और 12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल को समाप्त होंगी।

सीबीएसई के अनुसार, दसवीं कक्षा की परीक्षाएं 83 विषयों और बारहवीं कक्षा की परीक्षाएं 121 विषयों में आयोजित की जाएंगी। परीक्षा कार्यक्रम तैयार करते समय 40 हजार से अधिक विषय संयोजनों को ध्यान में रखा गया है, जिससे किसी भी विद्यार्थी की दो विषयों की परीक्षाएं एक ही दिन में नहीं हो।

इससे पहले, बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रायोगिक परीक्षाओं की तारीखों की भी घोषणा की थी। देश और विदेश के सभी संबद्ध स्कूलों में 10वीं और 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं तथा आंतरिक मूल्यांकन अगले वर्ष पहली जनवरी से 13 फरवरी तक होंगे। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों के स्कूलों में ये परीक्षाएं इस वर्ष 9 नवंबर से 19 दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी।

सीबीएसई की 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 26 लाख 50 हजार से अधिक और 12वीं की परीक्षा में 19 लाख 80 हजार से अधिक विद्यार्थियों के शामिल होने की उम्मीद है।

बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से 101 दिन पहले परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है। विद्यार्थी इसे सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर देख सकते हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।