सीधी- कलेक्टर ने रिकॉर्ड रूम का किया निरीक्षण, लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रिकॉर्ड रूम की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और लंबित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर विकास मिश्रा ने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव और कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शाखा प्रभारी को निर्देशित किया कि कार्यालयीन कार्यों का व्यवस्थित बंटवारा सुबह और शाम के समय के अनुसार किया जाए, ताकि सभी कार्यों का प्रभावी ढंग से संचालन हो सके। उन्होंने विशेष रूप से 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनका तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने और ऐसी शिकायतों को लंबित सूची से समाप्त करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने लोक सेवा केंद्र और रिकॉर्ड रूम के बीच कार्यों के समन्वय एवं संतुलन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने निर्देश दिए कि दोनों स्थानों पर कार्यों का सुचारू संचालन हो तथा आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण और लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा पर भी जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय कार्यों में समयबद्धता, जवाबदेही और कार्यकुशलता सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकें।