राज्य

सीधी- त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, चार होटलों से मिठाई एवं नमकीन के नमूने लिए

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
सीधी- त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, चार होटलों से मिठाई एवं नमकीन के नमूने लिए

कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच की जा रही है।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश लोधी ने विकासखंड सीधी में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान सुधाकर होटल से छेना, मिल्क केक एवं पेड़ा, न्यू भारत होटल से इलायची पेड़ा एवं रसभरी, रामा स्वीट्स से छेना एवं मिल्क केक तथा परिहार होटल से मूंग मिक्सचर, मिक्सचर नमकीन एवं सलोनी के नमूने जांच के लिए लिए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री के उचित रखरखाव, साफ-सफाई, सुरक्षित भंडारण तथा पैकिंग एवं लेबलिंग से संबंधित निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की हिदायत दी गई।

खाद्य प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों को गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों के निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन द्वारा त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों की जांच की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी, ताकि त्योहारों के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।