राजनीति

सीएम आज होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में लेंगे हिस्सा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 29 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
सीएम आज होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में लेंगे हिस्सा

सितंबर 29, शिमला (हिमाचल प्रदेश): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू सोमवार को शिमला से सड़क मार्ग होते हुए नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। सीएम वहां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय इंदिरा भवन में आज होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सी.डब्लयू.सी.) की बैठक में हिस्सा लेंगे।

खराब मौसम और दृश्यता कम होने के कारण हवाई उड़ान संभव नहीं थी, इसलिए मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से दिल्ली गए। वहीं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह भी बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंच गई है। गौर हो कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली इस बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और सी.डब्ल्यू.सी के सभी वरिष्ठ सदस्य शामिल होंगे।

इस दौरान मुख्य रूप से केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ भावी आंदोलन का खाका खींचा जाएगा। सूत्रों के मुताबिक बैठक का सबसे बड़ा एजेंडा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर) विवाद को लेकर चुनाव आयोग पर दबाव बढ़ाना है। ऐसे में पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ संसद के आगामी सत्र में विपक्षी दलों के साथ मिलकर कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग का प्रस्ताव ला सकती है।

इसके साथ ही चुनाव आयोग के ढुलमुल रवैये के खिलाफ विपक्षी दलों को साथ लेकर देशव्यापी साझा विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा भी तय की जाएगी। बैठक में आगामी राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी का रोडमैप तैयार किया जाएगा। महंगाई, बेरोजगारी और प्रशासनिक अनियमितताओं जैसे स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने और चुनावी गारंटियों को अंतिम रूप देने पर विस्तृत चर्चा होगी बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और सीडब्ल्यूसी के सभी वरिष्ठ सदस्य शामिल होकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ भावी आंदोलन का खाका खींचेंगे।

वहीं बैठक में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर बाद वापस शिमला लौट आएंगे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।