सीएम ने समझीं जनभावनाएं, हमीरपुर को दिए सीबीएसई और एचपी बोर्ड के स्कूल: सुनील शर्मा बिट्टू
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार ने राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के मेधावी विद्यार्थियों को बांटे पुरस्कार
नवंबर 05, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (एचपी बोर्ड) हमीरपुर का वार्षिक उत्सव वीरवार को मनाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए हैं और प्रदेश के कई स्कूलों को सीबीएसई का दर्जा दिया जा रहा है।
हमीरपुर शहर में भी उन्होंने पुराने ब्वायज स्कूल को को-एजूकेशनल का दर्जा देकर इसे सीबीएसई के अधीन किया है। सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि पुराने गर्ल्स स्कूल को प्रदेश के पहले डेडिकेटड साइंस कॉलेज को सौंपने का प्रस्ताव था, लेकिन आम परिवारों के विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, शहर के व्यापारियों तथा आम नागरिकों की भावनाओं से मुख्यमंत्री को अवगत करवाया गया और उन्होंने सभी की भावनाओं को अधिमान देते हुए पुराने गर्ल्स स्कूल की जगह एचपी बोर्ड की आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल को तुरंत मंजूरी प्रदान कर दी।
इससे हमीरपुर शहर और इसके आस-पास के बच्चों को एचपी बोर्ड से पढ़ाई करने का विकल्प भी उपलब्ध हुआ है। उन्होंने इस त्वरित निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमीरपुर को मेडिकल कालेज, उत्तर भारत के राज्यों का पहला अलाइड हेल्थ सर्विसेज कालेज, डेंटल कालेज, नर्सिंग कालेज, प्रदेश का पहला डेडिकेटड साइंस कालेज और अन्य संस्थान दिए हैं।
इससे हमीरपुर को एक नई पहचान मिली है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने अभिभावकों और शिक्षकों के सपनों एवं अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत तथा अनुशासन के साथ पढ़ाई करें। उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया।
इससे पहले, प्रधानाचार्य पूनम चौहान ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया और स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। जबकि, विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में पूर्व पार्षद राजेश चौधरी, राकेश वर्मा, शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर की प्रधानाचार्य दीप्ति राणा, कांग्रेस नेता राजेश आनंद, शहनशाह, मनोज शर्मा, आरसी डोगरा, ज्योति खन्ना, पुरुषोत्तम कालिया, टोनी ठाकुर, एसएमसी के पदाधिकारी, शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।