राज्य

सिकल सेल रोग की रोकथाम और प्रसवपूर्व जांच को मिलेगी नई गति, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की उपस्थिति में हुआ ऐतिहासिक एमओयू

लेखक: Sanjida Khanam अंतिम अपडेट: 17 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
सिकल सेल रोग की रोकथाम और प्रसवपूर्व जांच को मिलेगी नई गति, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की उपस्थिति में हुआ ऐतिहासिक एमओयू

देश में पहली बार बीएमएचआरसी और रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के बीच समझौता, जनजातीय क्षेत्रों में स्क्रीनिंग, जेनेटिक काउंसलिंग और आधुनिक जांच सुविधाओं का होगा विस्तार

भोपाल। मध्यप्रदेश में सिकल सेल रोग की रोकथाम, समय पर पहचान और उपचार की सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की उपस्थिति में मंगलवार को आईसीएमआर-भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (बीएमएचआरसी) और रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के बीच सिकल सेल रोग एवं अन्य हीमोग्लोबिनोपैथी की रोकथाम, प्रसवपूर्व निदान, उपचार और अनुसंधान के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस पहल का विशेष लाभ प्रदेश के जनजातीय बहुल क्षेत्रों में रहने वाले सिकल सेल रोग से प्रभावित और उच्च जोखिम वाले परिवारों को मिलेगा। इसका उद्देश्य भारत सरकार के राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन को गति देना और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाना है।

जनजातीय क्षेत्रों के स्वास्थ्यकर्मियों का होगा प्रशिक्षण

एमओयू के तहत जनजातीय जिलों में कार्यरत स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मचारियों, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण किया जाएगा। प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों को लगातार तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि प्रभावित परिवारों तक समय पर जांच और उपचार की सुविधाएं पहुंच सकें।

गर्भस्थ शिशु में भी बीमारी की पहचान की सुविधा

समझौते के तहत देश के पहले ट्रेनिंग सेंटर बिरसा मुंडा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर प्रीनेटल डायग्नोसिस ऑफ हीमोग्लोबिनोपैथीज के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं और उच्च जोखिम वाले दंपतियों की स्क्रीनिंग, रोग की पहचान तथा जेनेटिक काउंसलिंग की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मरीजों को उच्च स्तरीय जांच के लिए रेफर किया जाएगा।

वहीं, बीएमएचआरसी एचपीएलसी, पीसीआर और डीएनए आधारित आधुनिक तकनीकों से पुष्टिकरण जांच में सहयोग करेगा। इसके अलावा सीवीएस और एम्नियोसेंटेसिस जैसी प्रक्रियाओं के माध्यम से गर्भस्थ शिशु में सिकल सेल रोग की प्रसवपूर्व पहचान में भी सहायता दी जाएगी।

उपचार से लेकर अनुसंधान तक होगा संस्थानों में समन्वय

दोनों संस्थान सिकल सेल रोग से प्रभावित माताओं और नवजात शिशुओं के उपचार, विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं, रक्ताधान और आवश्यकता के अनुसार बोन मैरो ट्रांसप्लांट जैसी उन्नत उपचार सुविधाओं के लिए आपसी समन्वय स्थापित करेंगे। भविष्य में स्किल एक्सचेंज के माध्यम से स्किल लैब की स्थापना भी प्रस्तावित है।

इसके साथ ही दोनों संस्थान संयुक्त अनुसंधान, वैज्ञानिक अनुभवों के आदान-प्रदान और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए भी काम करेंगे। पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार जांच, प्रसवपूर्व निदान और जेनेटिक काउंसलिंग की सुविधाएं निःशुल्क अथवा रियायती दरों पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

दो साल के लिए प्रभावी रहेगा समझौता

एमओयू प्रारंभिक रूप से दो वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा। इसकी प्रगति की समीक्षा के लिए दोनों संस्थानों की संयुक्त समिति प्रत्येक तीन महीने में बैठक करेगी।

समझौते पर बीएमएचआरसी की ओर से डायरेक्टर एवं नोडल ऑफिसर, सिकल सेल सेंटर ऑफ कॉम्पिटेंस डॉ. प्रो. मनीषा श्रीवास्तव तथा श्याम शाह मेडिकल कॉलेज, रीवा की ओर से प्रोजेक्ट हेड एवं नोडल ऑफिसर, बिरसा मुंडा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस डॉ. प्रो. बीनू कुशवाह सिंह ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर प्रोजेक्ट समन्वयक डॉ. अभिजीत देशमुख भी उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के नेतृत्व में हुई यह पहल प्रदेश में सिकल सेल रोग के विरुद्ध चल रहे प्रयासों को संस्थागत मजबूती देने के साथ विशेष रूप से जनजातीय परिवारों तक आधुनिक जांच, परामर्श और उपचार की सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

सिकल सेल रोग एक आनुवंशिक रक्त विकार है, जिसे जीन परीक्षण से पहले से पहचान कर उपचार किया जा सकता है। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि मध्यप्रदेश में पहली बार बीएमएचआरसी और श्याम शाह मेडिकल कॉलेज ने मिलकर जनजातीय क्षेत्रों में स्क्रीनिंग और जेनिटिक काउंसलिंग की सुविधा देने का समझौता किया है। इससे रोग की प्रारंभिक पहचान और समय पर इलाज संभव होगा, जिससे रोगियों की जीवन गुणवत्ता में सुधार और मृत्यु दर में कमी आएगी। आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच मिलेगी, विशेषकर दूरदराज के इलाकों में, जिससे रोग

S
Sanjida Khanam

Sanjida Khanam डिजिटल हिंदी पत्रकारिता के साथ सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में सक्रिय हैं।