सीकर दौरे पर CM, 83 विकास कार्यों की सौगात
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सीकर दौरे के दौरान खाटूश्यामजी में दर्शन किए और फतेहपुर में जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में सीकर, चूरू और झुंझुनूं के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया गया।
सीकर, 1 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को सीकर जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहे। दौरे की शुरुआत उन्होंने खाटूश्यामजी पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ की। इसके बाद मुख्यमंत्री फतेहपुर पहुंचे, जहां चिड़िया कॉलेज खेल मैदान में आयोजित आमसभा एवं लाभार्थी जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में स्थानीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का साफा पहनाकर और माला पहनाकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान सीकर, चूरू और झुंझुनूं जिलों से जुड़े 1,277.007 करोड़ रुपये की लागत के 83 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़, स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। राजेंद्र राठौड़ ने अपने संबोधन में शेखावाटी क्षेत्र के विकास और यमुना जल परियोजना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति स्वर्गीय भैरों सिंह शेखावत के शेखावाटी तक यमुना का पानी लाने के सपने का भी जिक्र किया।
यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने शेखावाटी के लंबे समय से चले आ रहे जल संकट का मुद्दा उठाया। उन्होंने यमुना जल परियोजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसके तहत चूरू में जल संरचना के निर्माण से पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सरकार के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में शेखावाटी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की हवेलियां, बावड़ियां और धार्मिक स्थल इसकी समृद्ध विरासत के प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री ने पेयजल संकट को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं और यमुना जल परियोजना से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखावाटी के विकास के लिए सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र की ऐतिहासिक हवेलियों के संरक्षण और जीर्णोद्धार की योजना का भी उल्लेख किया। युवाओं के लिए सरकारी भर्तियों, प्रशासनिक सुधारों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने आमजन से विकास कार्यों में सहभागिता निभाने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, लाभार्थी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बाइट - भजनलाल शर्मा , मुख्यमंत्री
बाइट - गुलाब दिनवा, आमजन
बाइट- बजरंग लाल, आमजन