अपराध

सीकर में मतदान जारी, पूर्व सांसद ने भी डाला वोट

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 30 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
सीकर में मतदान जारी, पूर्व सांसद ने भी डाला वोट

सीकर जिले की छह पंचायत समितियों की 192 ग्राम पंचायतों में बैलेट पेपर से मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने पिपराली गांव में मतदान किया।

30 अक्टूबर,सीकर। जिले में गांव की सरकार चुनने के लिए लोकतंत्र का महापर्व जारी है। जिले की छह पंचायत समितियों की 192 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान करवाया जा रहा है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग के दौरान कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। खास बात यह रही कि पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने भी पिपराली गांव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, पुलिस अधीक्षक संजीव नयन सहित पुलिस के आला अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मतदान को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

जिले में पंचायत चुनाव के तहत शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। जिले की पाटन, नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर, खंडेला, अजीतगढ़ और पिपराली पंचायत समिति क्षेत्रों की 192 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। मतदान शुरू होते ही कई केंद्रों पर महिला और पुरुष मतदाताओं की कतारें लग गईं। ग्रामीण अपने गांव का प्रतिनिधि चुनने के लिए पूरे उत्साह के साथ मतदान केंद्र पहुंच रहे हैं। जिले में करीब 7 लाख 96 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक जारी रहेगी।

पिपराली गांव स्थित शहीद सफरूद्दीन उच्च माध्यमिक विद्यालय के मतदान केंद्र पर पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि गांव के विकास की शुरुआत छोटे स्तर के चुनावों से होती है। पंच और सरपंच का चुनाव गांव की मूलभूत आवश्यकताओं और सर्वांगीण विकास से जुड़ा हुआ है। उन्होंने लोकतंत्र के इस पर्व में महिलाओं की भागीदारी को भी सराहनीय बताया।

वहीं, मतदान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सीकर पुलिस अधीक्षक संजीव नयन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह सहित पुलिस के आला अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन की टीमें लगातार मतदान केंद्रों पर निगरानी बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

पंचायत चुनाव के दौरान बुजुर्ग मतदाताओं का उत्साह भी देखने को मिला। पिपराली पंचायत समिति क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर करीब 100 वर्षीय माली देवी अपने पोते कुलदीप मूंड के साथ व्हीलचेयर पर मतदान करने पहुंचीं। उम्र के इस पड़ाव पर भी माली देवी ने मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।

उनका मतदान केंद्र पहुंचना दूसरे मतदाताओं के लिए भी प्रेरणादायक नजर आया। सीकर जिले की 192 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। करीब 7.96 लाख मतदाता गांव की सरकार चुनने के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। एक ओर पूर्व सांसद ने मतदान कर ग्रामीण विकास में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका को अहम बताया, तो दूसरी ओर पुलिस प्रशासन शांतिपूर्ण मतदान के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।

अब मतदाताओं के फैसले से तय होगा कि 192 ग्राम पंचायतों में गांव की सरकार की कमान किन उम्मीदवारों के हाथों में जाएगी।

बाइट - सुमेधानंद सरस्वती, पूर्व सांसद बाइट - संजीव नयन, पुलिस अधीक्षक, सीकर

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।