विदेश

सिंधी समाज की विरासत को सहेजने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: CM डॉ. यादव, राजा दाहिर-हेमू कालानी की जीवनी पाठ्यक्रम में शामिल

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 25 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
सिंधी समाज की विरासत को सहेजने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: CM डॉ. यादव, राजा दाहिर-हेमू कालानी की जीवनी पाठ्यक्रम में शामिल

भोपाल/इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंधी समाज की गौरवशाली विरासत, कला, संस्कृति और संस्कारों को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विभाजन की कठिन परिस्थितियों के बावजूद सिंधी समाज ने अपनी पहचान, धर्म, संस्कार और हौसला बनाए रखा। समाज की जीवटता और कर्मठता सभी के लिए प्रेरणादायी है।

मुख्यमंत्री बुधवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से इंदौर में सिंधु कला केंद्र के भूमि पूजन कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इंदौर में सिंधु कला केंद्र का भव्य भवन तैयार होने के बाद यह आने वाली पीढ़ियों को सिंधी समाज की कला, संस्कृति और विरासत से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

राजा दाहिर और हेमू कालानी की जीवनी पाठ्यक्रम में

डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने सिंधी समाज के महापुरुषों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में कदम उठाया है। वीर राजा दाहिर, समाज सुधारक एवं संत कंवरराम और शहीद हेमू कालानी की जीवनी को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे विद्यार्थियों को इन महापुरुषों के जीवन और योगदान के बारे में जानकारी मिलेगी। उन्होंने सिंधु घाटी सभ्यता को प्राचीन इतिहास की गौरवशाली विरासत बताते हुए कहा कि सिंधी समाज ने अनेक चुनौतियों को अवसर में बदलकर अपनी पहचान और गौरव को कायम रखा है।

लोकार्पण में शामिल होने का आश्वासन

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में भगवान झूलेलाल का जयकारा लगाते हुए कहा कि वे सिंधु कला केंद्र के लोकार्पण कार्यक्रम में स्वयं शामिल होंगे। उन्होंने सिंधी समाज की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए केंद्र के निर्माण को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में स्थानीय सांसद शंकर लालवानी, ईश्वर झामनानी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के बड़ी संख्या में प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहे।

17 सितंबर से सेवा से संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इंदौर पहुंचेंगे। यहां से एक माह तक चलने वाले ‘सेवा से संकल्प अभियान’ और स्वामित्व योजना का शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।