राजनीति

सिरमौर में परिवहन सेवाओं पर भाजपा युवा मोर्चा ने उठाए सवाल

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
सिरमौर में परिवहन सेवाओं पर भाजपा युवा मोर्चा ने उठाए सवाल

8 बसों को नाहन से प्रदेश के अन्य डिपो में शिफ्ट करने के भी आरोप

सितंबर 21, सिरमौर (हिमाचल प्रदेश): नाहन एचआरटीसी डिपो से जुड़ी परिवहन सेवाओं पर भाजपा युवा मोर्चा ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यातायात की उचित सुविधा न मिलने के चलते विशेष कर नौकरी पेशा और स्कूली बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भाजयुमो के जिला अध्यक्ष अरुण चौहान नाहन में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

भाजयुमो के जिला अध्यक्ष अरुण चौहान ने आरोप लगाया कि डिपो में चालक और परिचालकों के दर्जनों पद खाली पड़े हैं, जिसके चलते बसों के संचालन पर असर पड़ रहा है। वहीं उन्होंने नाहन डिपो से आठ बसों को प्रदेश के अन्य डिपो में शिफ्ट किए जाने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि पहले से ही स्टाफ की कमी से जूझ रहे नाहन डिपो से बसें दूसरे डिपो में भेजे जाने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

उन्होंने इलेक्ट्रिक बसों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग पॉइंट की व्यवस्था पूरी तरह उपलब्ध नहीं होने के कारण इन बसों के संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि इन अव्यवस्थाओं को जल्दी ठीक किया जाए ताकि लोगों को मूल भूत सुविधा उपलब्ध हो सके।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।