राज्य

सिरमौर में श्रमिकों के उत्थान पर 4 करोड़ 30 लाख खर्च: नरदेव सिंह कंवर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
सिरमौर में श्रमिकों के उत्थान पर 4 करोड़ 30 लाख खर्च: नरदेव सिंह कंवर

भवन एवं कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा किया गया आयोजन

अक्तूबर 26, सिरमौर (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा नाहन में श्रमिकों को जागरूक करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नाहन के विधायक अजय सोलंकी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान कामगारों को बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि सिरमौर जिले में श्रमिकों के उत्थान के लिए 4 करोड़ 30 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। अकेले नाहन विधानसभा क्षेत्र में कामगारों के कल्याण पर 3 करोड़ 20 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में अब तक श्रमिकों को 108 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं, जिससे करीब 45 हजार कामगार लाभान्वित हुए हैं।नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भी बोर्ड की ओर से विशेष सहायता दी जा रही है।

अब तक करीब 15 हजार श्रमिकों के बच्चों को पढ़ाई के लिए 40 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि बोर्ड की ओर से 14 कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं और मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े कामगार तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक अजय सोलंकी ने कामगारों से भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण करवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रमिकों के हितों को लेकर गंभीर हैं और पात्र कामगारों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। इस दौरान उन्होंने पूर्व सरकार के कार्यकाल में अपात्र लोगों को कामगार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ दिए जाने का आरोप भी लगाया।

बाईट: नरदेव कंवर, अध्यक्ष, भवन एवं कामगार कल्याण बोर्ड

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।