सीतापुर में कस्तूरबा विद्यालय में फिर बिगड़ी छात्रा की तबियत:संयुक्त टीम ने पेयजल की गुणवत्ता जांची, लखनऊ में इलाज जारी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →सीतापुर के विकासखंड रेउसा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कक्षा-8 की छात्रा अनम पुत्री सगीर की शनिवार रात करीब 11 बजे अचानक तबियत खराब होने की सूचना पर प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। सूचना पर पर नायब तहसीलदार बिसवां, खंड शिक्षा अधिकारी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेउसा के अधीक्षक की संयुक्त टीम ने विद्यालय पहुंचकर पूरे मामले की जांच की,और पीड़िता का इलाज कराया।
जानकारी के अनुसार,कस्तूरबा गांधी विद्यालय में छात्रा को 19 सितंबर रात करीब 10:30 बजे खांसी की शिकायत हुई थी। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्रा का उपचार सीएचसी रेउसा में कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने छात्रा को जिला अस्पताल सीतापुर रेफर किया। जिला अस्पताल में उपचार के बाद परिजन छात्रा को अपने साथ घर ले गए।
इसके बाद शनिवार रात फिर छात्रा को दोबारा खांसी की शिकायत हुई तो परिजन उसे उपचार के लिए सीएचसी रेउसा लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से छात्रा को जिला अस्पताल सीतापुर भेजा गया। जिला अस्पताल में उपचार के बाद परिजन उसे फिर घर ले गए। बाद में दोबारा तबीयत खराब होने पर परिजन छात्रा को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ लेकर गए हैं।
छात्रा की माता ने फोन के माध्यम से इसकी जानकारी प्रशासन को दी है। संयुक्त टीम ने देर रात विद्यालय पहुंचकर छात्रा की तबीयत खराब होने के कारणों और विद्यालय में उपलब्ध स्वास्थ्य एवं अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। जांच के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय के पेयजल का परीक्षण किया।
परीक्षण में पेय जल की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।संयुक्त टीम ने मामले की जांच पूरी कर अपनी जांच आख्या प्रशासन को प्रस्तुत कर दी है। प्रशासन की ओर से छात्रा के स्वास्थ्य की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।
📡 स्रोत: NewsData.io