राज्य

सोडावास में खाद्य विभाग की कार्रवाई, 35 किलो घी जब्त

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 14 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
सोडावास में खाद्य विभाग की कार्रवाई, 35 किलो घी जब्त

खैरथल-तिजारा के सोडावास में खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानों और डेयरी का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। कार्रवाई के दौरान 35 किलो प्योर सरस घी जब्त किया गया और 25 लीटर अवधि पार पैक्ड जूस मौके पर नष्ट करवाया गया।

खैरथल-तिजारा, 8 सितम्बर: खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को सोडावास कस्बे में निरीक्षण और कार्रवाई की। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के निर्देशन में की गई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मैसर्स श्यामलाल, जो राधा रानी डेयरी को दूध की आपूर्ति करता है, वहां से मिश्रित दूध का नमूना लिया गया। साथ ही डेयरी संचालक को बिना खाद्य लाइसेंस वाले दूध आपूर्तिकर्ताओं से दूध नहीं लेने के लिए पाबंद किया गया।

इसके अलावा मैसर्स राहुल किराना एवं जनरल स्टोर से प्योर सरस घी का नमूना लिया गया और करीब 35 किलोग्राम घी जब्त किया गया। वहीं, मैसर्स जैन श्री श्याम मिष्ठान भंडार और मैसर्स दायमा स्वीट्स एंड नमकीन से मिले अवधि पार 25 लीटर पैक्ड जूस को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने सभी दुकानदारों को खाद्य लाइसेंस को प्रतिष्ठान में स्पष्ट और उचित स्थान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के लिए भी पाबंद किया गया।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी बबीता, मनीष शर्मा और सुभाष सिंह भी मौजूद रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।