खेल

सोलन में धूमधाम से मनाया गया दशहरा पर्व

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 21 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
सोलन में धूमधाम से मनाया गया दशहरा पर्व

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा: बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है दशहरा

अक्तूबर 21, सोलन (हिमाचल प्रदेश): सोलन में दशहरे का पर्व धार्मिक श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर में भगवान श्रीराम की भव्य झांकी निकाली गई। झांकी में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। झांकी शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए ठोडो मैदान पहुंची, जहां दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया।

इस दौरान ठोडो मैदान में विशाल दंगल भी आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से आए नामी पहलवानों ने कुश्ती के मुकाबलों में अपने दमखम और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने धनुष चलाकर रावण का वध किया। इसके बाद रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, मर्यादा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए और हमेशा सच्चाई का साथ देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि दशहरे का पर्व हमें अपने भीतर की बुराइयों को दूर करने तथा समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को बढ़ावा देने का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे त्योहारों को आपसी एकता और सौहार्द के साथ मनाएं तथा समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा दें।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।