विदेश

सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब:50 हजार श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान; 2023 में 2.5 लाख लोगों ने लगाई थी डुबकी

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 9 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब:50 हजार श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान; 2023 में 2.5 लाख लोगों ने लगाई थी डुबकी

दीपावली के अगले दिन सोमवती अमावस्या का विशेष संयोग होने के चलते धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार को ब्रह्ममुहूर्त से ही हरकी पैड़ी सहित गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। सुबह 8:30 बजे तक सभी प्रमुख घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान करते नजर आए।

इस समय तक करीब 50 हजार श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगा चुके थे। अलग-अलग राज्यों से हरिद्वार पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर परिवार की सुख-समृद्धि, जीवन के कष्टों से मुक्ति और मोक्ष की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए तर्पण, श्राद्ध और पूजा-अर्चना भी की।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान, दान-पुण्य और पितरों के निमित्त किए गए धार्मिक कार्यों का विशेष महत्व है। इससे पहले 2023 में सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में करीब 2.5 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया था। इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

हरकी पैड़ी के ब्रह्मकुंड में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। गंगा स्नान के बाद लोगों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की और जरूरतमंदों को दान दिया। तस्वीरें देखिए- सोमवती अमावस्या का विशेष संयोग, भीष्म पितामह से भी जुड़ी है मान्यता ज्योतिष और धर्मशास्त्रों में अमावस्या तिथि को पितरों के निमित्त पूजा-पाठ, तर्पण और दान के लिए महत्वपूर्ण माना गया है।

जब अमावस्या सोमवार के दिन पड़ती है तो इसे सोमवती अमावस्या कहा जाता है। इस दिन गंगा और अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने का विशेष धार्मिक महत्व बताया गया है। पंडित मनोज त्रिपाठी के अनुसार, वैसे तो प्रत्येक अमावस्या पर गंगा स्नान और पितरों के निमित्त धार्मिक कार्यों का महत्व है, लेकिन सोमयुता यानी सोमवती और भोमयुता यानी भौमवती अमावस्या विशेष पुण्यदायी मानी जाती हैं।

उन्होंने बताया कि सोमवती अमावस्या की महत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि धार्मिक मान्यता के अनुसार भीष्म पितामह ने भी शरशैया पर रहते हुए इस विशेष तिथि की प्रतीक्षा की थी। उन्होंने कहा कि इस दिन गंगा में स्नान करना अश्वमेध यज्ञ के समान फलदायी माना गया है। हरिद्वार जैसे तीर्थस्थल पर गंगा स्नान का विशेष महत्व है।

खासकर हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड में स्नान को अत्यंत पुण्यकारी माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन श्रद्धा के साथ स्नान, दान और पूजा करने से व्यक्ति को पुण्य की प्राप्ति होती है। पीपल की 108 परिक्रमा और पितरों के निमित्त तर्पण का महत्व पंडित मनोज त्रिपाठी ने बताया कि सोमवती अमावस्या पर केवल गंगा स्नान ही नहीं, बल्कि पितरों के निमित्त तर्पण, श्राद्ध और दान करने का भी विशेष महत्व है।

इस दिन पीपल के वृक्ष की पूजा करने और पितरों की शांति की कामना से 108 परिक्रमा करने की धार्मिक परंपरा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु अपनी सामर्थ्य के अनुसार इस दिन दान-पुण्य कर सकते हैं। धार्मिक मान्यता है कि सोमवती अमावस्या पर किया गया दान अक्षय फल प्रदान करता है। इस दिन पितरों के निमित्त किए गए धार्मिक अनुष्ठानों से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि आती है।

श्रद्धालु अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए तर्पण और पूजा-अर्चना करते हैं। श्रद्धालुओं ने कहा- गंगा स्नान से मिलती है मन को शांति सोमवती अमावस्या पर हरकी पैड़ी पहुंचे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। दूर-दराज से आए लोगों ने बताया कि इस विशेष तिथि पर गंगा स्नान करने की उनकी लंबे समय से इच्छा थी।

श्रद्धालुओं का कहना था कि सोमवती अमावस्या पर मां गंगा में स्नान करने से परिवार में सुख-समृद्धि आती है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कई श्रद्धालुओं ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ गंगा स्नान करने के लिए हरिद्वार पहुंचे हैं। इस अवसर पर स्नान करने के साथ ही उन्होंने अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए पूजा और तर्पण भी किया।

श्रद्धालुओं के अनुसार गंगा स्नान से मानसिक शांति मिलती है और धार्मिक आस्था के अनुसार पितरों का आशीर्वाद भी प्राप्त होता है। तीन सुपर जोन, 14 जोन और 44 सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था सोमवती अमावस्या पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए।

हरकी पैड़ी और प्रमुख गंगा घाटों के साथ रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और शहर के संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। मेला क्षेत्र को तीन सुपर जोन, 14 जोन और 44 सेक्टरों में विभाजित कर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। स्नान घाटों पर भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की गई।

प्रमुख घाटों पर भीड़ का दबाव बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं को वैकल्पिक घाटों की ओर भेजने की व्यवस्था भी की गई। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी पुलिस ने विशेष प्रबंध किए। शहर में वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्गों से स्नान स्थलों तक पहुंचाने पर ध्यान दिया गया।

पुलिस प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे निर्धारित मार्गों और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।