स्पेन के कैनरी द्वीप के पास बड़ा हादसा, समुद्र में डूबी प्रवासियों से भरी नाव; 14 लोगों की मौत
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
Spain Boat Capsize: स्पेन के कैनरी द्वीप समूह के पास अटलांटिक महासागर में प्रवासियों से भरी एक नाव हादसे का शिकार हो गई. बताया जा रहा है कि समुद्र में नाव डूबने से 14 लोगों की मौत हो गई.
जबकि 84 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया. जानकारी के मुताबिक, नाव में करीब 100 लोग सवार थे.
इस हादसे के बाद एक बार फिर अफ्रीका से यूरोप पहुंचने की कोशिश कर रहे प्रवासियों की जान के जोखिम को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. 6 लोगों को किया गया एयरलिफ्ट स्पेनिश समाचार एजेंसी EFE की रिपोर्ट के मुताबिक, समुद्री बचाव दल ने नाव से मिले शवों को बाहर निकालकर तट तक पहुंचाया.
इससे पहले बचाव अधिकारियों ने नाव में 8 से 10 शव मिलने की जानकारी दी थी. गंभीर स्थिति में मिले छह लोगों को हेलीकॉप्टर के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया.
बता दें कि ये नाव एल हिएरो द्वीप से लगभग 72 किलोमीटर दक्षिण में हादसे का शिकार हो गई. बचाव अभियान के दौरान नाव को खींचकर ला एस्टाका बंदरगाह ले जाया गया.
वहीं, नाव में सवार 84 जीवित लोगों को दूसरी नाव की मदद से ला रेस्टिंगा बंदरगाह पहुंचाया गया. यहां प्रवासियों के लिए अस्थायी चिकित्सा और रिसेप्शन सेंटर बनाया गया है.
कैनरी द्वीपों पर बढ़ रहा प्रवासियों का दबाव बता दें कि पिछले कुछ समय से कैनरी द्वीप समूह में समुद्री रास्ते से आने वाले प्रवासियों की संख्या में तेजी देखी जा रही है. 25 नवंबर को यहां एक ही दिन में करीब 2,100 प्रवासियों के पहुंचने का रिकॉर्ड दर्ज किया गया.
इनमें बड़ी संख्या एल हिएरो द्वीप पहुंचने वालों की थी. खास बात यह है कि इस छोटे से द्वीप की आबादी महज 11,400 के आसपास है.
प्रवासियों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण स्थानीय प्रशासन के सामने राहत, स्वास्थ्य सेवाओं और उनके रहने की व्यवस्था को लेकर चुनौतियां बढ़ गई हैं.
स्थानीय प्रशासन ने स्पेन और यूरोपीय संघ से मांगी मदद इस हादसे पर कैनरी द्वीप समूह के क्षेत्रीय प्रमुख फर्नांडो क्लाविजो ने दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया.
जिसमें उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद पीड़ादायक हैं और हालात को लेकर बेबसी महसूस होती है. उन्होंने स्पेन सरकार और यूरोपीय आयोग से इस संकट पर ठोस कदम उठाने की अपील की.
क्लाविजो ने कहा कि प्रवासन की समस्या का समाधान केवल कैनरी द्वीपों तक सीमित नहीं रहना चाहिए.
इसके लिए सेनेगल और गाम्बिया जैसे अफ्रीकी देशों के तटीय इलाकों में भी प्रभावी प्रयास जरूरी हैं.
स्पेन के चुनाव में प्रवासन बना बड़ा मुद्दा बता दें कि ये हादसा ऐसे समय में हुआ है, जब स्पेन में आम चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं. चुनावी बहस में प्रवासन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जा रहा है.
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज प्रवासियों को अर्थव्यवस्था और श्रम बाजार के लिए महत्वपूर्ण मानते रहे हैं.
दूसरी ओर, दक्षिणपंथी राजनीतिक दल इस मुद्दे पर सख्त नीतियों और सीमा नियंत्रण को प्राथमिकता दे रहे हैं.
अटलांटिक पार करना प्रवासियों के लिए बड़ी चुनौती बता दें कि अफ्रीकी देशों से स्पेन पहुंचने के लिए हर साल हजारों लोग जोखिम भरे समुद्री रास्ते का सहारा लेते हैं.
इनमें से कई लोग छोटी और क्षमता से अधिक भरी नावों में अटलांटिक महासागर पार करने की कोशिश करते हैं.
इस समुद्री मार्ग पर तेज हवाएं, ऊंची लहरें और लंबे सफर के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है.
आमतौर पर पतझड़ के मौसम में इस रास्ते से आने वाले प्रवासियों की संख्या बढ़ जाती है.
समुद्र की परिस्थितियां कुछ हद तक अनुकूल होने के कारण इस दौरान अधिक लोग यात्रा करने की कोशिश करते हैं.
कैनरी द्वीप के पास हुआ यह हादसा एक बार फिर इस बात की ओर ध्यान खींचता है कि बेहतर भविष्य की तलाश में यूरोप पहुंचने की कोशिश करने वाले लोगों को कितने गंभीर जोखिमों का सामना करना पड़ता है.
📡 स्रोत: NewsData.io