खेल

SSB की 33वीं बटालियन ने मनाया 21वां स्थापना दिवस, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
SSB की 33वीं बटालियन ने मनाया 21वां स्थापना दिवस, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के केवटी स्थित सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 33वीं बटालियन ने अपना 21वां स्थापना दिवस उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। खेल प्रतियोगिताओं में जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं, सांस्कृतिक संध्या में जवानों ने गीत-संगीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान लकी ड्रॉ के माध्यम से जवानों को विशेष उपहार भी प्रदान किए गए।

समारोह में DIG SHQ भिलाई रंजीत सिंह और अंतागढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछोर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान 33वीं बटालियन के कमांडेंट प्रियव्रत शर्मा ने बताया कि SSB पिछले 10 वर्षों से इस क्षेत्र में तैनात है। बटालियन को मुख्य रूप से रावघाट परियोजना के अंतर्गत दल्ली राजहरा से रावघाट तक रेल लाइन विस्तार कार्य की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा संबंधी दायित्वों के साथ बल सिविक एक्शन प्रोग्राम के माध्यम से क्षेत्र के विकास में भी योगदान दे रहा है। स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

वहीं, उप कमांडेंट सुमित हरित ने बताया कि पिछले 10 वर्षों के दौरान सुरक्षा बलों के प्रयासों से 21 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इसके अलावा बड़ी मात्रा में गोला-बारूद भी बरामद किया गया है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में मदद मिली है।

सब इंस्पेक्टर योगेंद्र सिंह ने बताया कि स्थापना दिवस पर खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन का उद्देश्य जवानों का उत्साह बढ़ाना और उन्हें मानसिक रूप से स्वस्थ एवं तनावमुक्त रखना है। ऐसे आयोजनों से जवानों के बीच आपसी भाईचारा, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है।

बाइट - योगेंद्र सिंह,सब इंस्पेक्टर बाइट - सुमित हरित, उप कमांडेंट

बाइट - प्रियव्रत शर्मा,कमांडेंट, 33वीं बटालियन

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।