सुधीर शर्मा का सरकार पर हमला, धर्मशाला के विकास और चुनाव आयोग कार्यालय में तोड़फोड़ पर उठाए सवाल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
कांगड़ा: धर्मशाला के भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार और स्थानीय कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने धर्मशाला के विकास, शिमला में प्रस्तावित मुख्यमंत्री कार्यालय, केंद्रीय विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस और चुनाव आयोग कार्यालय में हुई तोड़फोड़ को लेकर सवाल उठाए। सुधीर शर्मा ने कहा कि वह माफी नहीं मांगेंगे और अपने आरोपों पर कायम हैं।
सुधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि धर्मशाला में सरकारी भवनों और जमीनों के इस्तेमाल को लेकर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने स्मार्ट सिटी और नगर निगम के धन के कथित कुप्रबंधन पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि उन्हें जग्गी से सहानुभूति है।
उन्होंने जग्गी के चुनावी प्रदर्शन को लेकर भी टिप्पणी की। शिमला में बनाए जा रहे मुख्यमंत्री के नए कार्यालय को लेकर भी सुधीर शर्मा ने सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि हेरिटेज भवन में कार्यालय के लिए करीब 50 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब केंद्रीय विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस के लिए 30 करोड़ रुपये जमा कराने में देरी की जा रही है, तो मुख्यमंत्री कार्यालय पर करोड़ों रुपये खर्च करने की क्या जरूरत है।
उन्होंने देहरा में केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य प्रभावित होने का भी दावा किया। शिमला में चुनाव आयोग कार्यालय में हुई तोड़फोड़ को लेकर सुधीर शर्मा ने न्यायिक जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही। शर्मा ने हाईकोर्ट के सिटिंग जज की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर मामले की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान सुधीर शर्मा धर्मशाला में आयोजित ब्राह्मण अंतरराष्ट्रीय संगठन के कार्यक्रम में भी शामिल हुए। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में स्कूल और अस्पताल खोलने समेत सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। सुधीर शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया और आयोजन में शामिल होने पर खुशी जताई।
बाइट: सुधीर शर्मा, भाजपा नेता एवं विधायक, धर्मशाला