मनोरंजन

सूत के धागे पर ट्रैक्टर, कांच पर बाइक

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 16 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
सूत के धागे पर ट्रैक्टर, कांच पर बाइक

राजस्थान के बूंदी जिले में भाई दूज का पर्व एक अनोखी परंपरा और हैरतअंगेज करतबों के लिए खास पहचान रखता है। जिले के बड़ोदिया, सथूर और ठिकरदा गांवों में भाई दूज पर ऐसी कलाबाजियां दिखाई जाती हैं, जिन्हें देखकर हर कोई दंग रह जाता है। कहीं कांच पर बाइक और ट्रैक्टर खड़े किए जाते हैं, तो कहीं कच्चे सूत के धागे पर बाइक और ट्रैक्टर को लटकाने जैसे हैरतअंगेज करतब दिखाए जाते हैं।

पानी में तैरती पट्टी पर बाइक के करतब से लेकर फूल-मालाओं पर बाइक टिकाने तक, ग्रामीण अपनी अनूठी कला का प्रदर्शन करते हैं। इस परंपरा की तैयारियां ग्रामीण एक महीने पहले से शुरू कर देते हैं और पूरा आयोजन अपने संसाधनों से करते हैं। इसके साथ घास भैरू की सवारी, अनोखी बारात और पारंपरिक वेशभूषा में मनोरंजक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहती हैं।

इस अनूठे आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ देशी-विदेशी पर्यटक भी पहुंचते हैं। राजा-महाराजाओं के समय से चली आ रही यह परंपरा आज भी ग्रामीणों के जुनून और सामूहिक सहभागिता से जीवंत है।

बूंदी, 12 नवंबर। भाई दूज का नाम सुनते ही भाई-बहन के प्रेम और पारिवारिक परंपराओं की तस्वीर सामने आती है, लेकिन राजस्थान के बूंदी में भाई दूज का रंग कुछ अलग ही है। यहां तीन गांवों में इस पर्व पर ऐसे हैरतअंगेज करतब दिखाए जाते हैं, जिन्हें देखकर अच्छे-अच्छे लोग दांतों तले उंगली दबा लेते हैं।

कहीं कांच पर बाइक और ट्रैक्टर खड़े किए जाते हैं, तो कहीं कच्चे सूत के धागे पर बाइक लटकाई जाती है। बड़ोदिया, सथूर और ठिकरदा गांवों की यह अनूठी परंपरा देखने के लिए लाखों की संख्या में लोग पहुंचते हैं।राजस्थान के बूंदी जिले में भाई दूज का पर्व सिर्फ भाई-बहन के स्नेह और तिलक तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह रोमांच, कला और प्राचीन परंपराओं का अनूठा उत्सव बन जाता है।

जिले के बड़ोदिया, सथूर और ठिकरदा गांवों में भाई दूज के अवसर पर ऐसी अनोखी कलाबाजियां देखने को मिलती हैं, जिनकी कल्पना करना भी मुश्किल है। यही वजह है कि इन गांवों को जादू की नगरी के नाम से भी जाना जाता है।

भाई दूज के दिन इन गांवों में सुबह से ही उत्सव का माहौल बन जाता है। दूर-दूर से लोग इन अनोखे करतबों को देखने पहुंचते हैं। हालांकि तीनों गांवों में यह परंपरा निभाई जाती है, लेकिन सबसे ज्यादा आकर्षण बड़ोदिया गांव में देखने को मिलता है। यहां ग्रामीण अपनी कला और हुनर से लोगों को हैरान कर देते हैं।

इन गांवों की सबसे बड़ी खासियत यहां दिखाए जाने वाले हैरतअंगेज करतब हैं। कहीं कांच के गिलासों और कांच की सतह पर बाइक, कार, ट्रैक्टर और बैलगाड़ी खड़ी कर दी जाती है, तो कहीं कच्चे सूत के धागे पर बाइक और ट्रैक्टर को संतुलित करने का प्रदर्शन किया जाता है। इतना ही नहीं, पानी में तैरती पट्टी पर बाइक खड़ी करने और उस पर संतुलन बनाने जैसे करतब भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहते हैं।

कहीं फूल-मालाओं पर बाइक लटकाई जाती है, तो कहीं बिना स्टैंड के मोटरसाइकिल को खड़ा करके दिखाया जाता है। क्रेन की मदद से धागे पर लटकती बाइक का दृश्य भी लोगों को रोमांचित कर देता है। इन करतबों को देखकर दर्शक हैरान रह जाते हैं। हर प्रदर्शन के साथ लोगों की उत्सुकता बढ़ती जाती है और तालियों तथा उत्साह से पूरा माहौल गूंज उठता है।

इन अनोखी कलाकारी के पीछे किसी बड़े संस्थान का प्रशिक्षण नहीं, बल्कि ग्रामीणों का अनुभव, सामूहिक मेहनत और वर्षों से चली आ रही परंपरा है। खास बात यह है कि इन करतबों को अंजाम देने वाले कलाकार इसी गांव के निवासी हैं। सीमित शैक्षणिक पृष्ठभूमि के बावजूद इन ग्रामीणों ने अपने हुनर और अभ्यास से ऐसी पहचान बनाई है कि उनकी कला देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं।

इस आयोजन की तैयारियां भी किसी बड़े उत्सव से कम नहीं होतीं। भाई दूज से करीब एक महीने पहले ही ग्रामीण इसकी तैयारियों में जुट जाते हैं। पूरा गांव अलग-अलग टोलियों में बंटकर जिम्मेदारियां संभालता है। कोई करतबों की तैयारी करता है, तो कोई आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटता है। ग्रामीणों की सामूहिक भागीदारी ही इस परंपरा की सबसे बड़ी ताकत है।

इस आयोजन की एक और खास बात यह है कि इसके लिए ग्रामीण न तो किसी सरकारी फंड पर निर्भर रहते हैं और न ही प्रशासनिक सहायता के भरोसे बैठते हैं। पूरा कार्यक्रम गांव के लोग अपने स्तर पर आयोजित करते हैं और इसका खर्च भी स्वयं उठाते हैं। ग्रामीणों के सहयोग और आपसी समन्वय से यह आयोजन हर साल भव्य रूप लेता जा रहा है।मनोरंजक करतबों के साथ यहां घास भैरू की सवारी भी निकाली जाती है।

बैलों की जोड़ियों के साथ घास भैरू की सवारी गांव की गलियों और सड़कों से होकर गुजरती है। इस दौरान ग्रामीण घास भैरू को हाथ लगाकर खींचते हैं और तेल चढ़ाकर अपनी मनोकामनाएं मांगते हैं। स्थानीय मान्यताओं और आस्था से जुड़ी यह परंपरा आयोजन को धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी प्रदान करती है। भाई दूज के इस उत्सव में मनोरंजन के कई अनूठे रंग भी देखने को मिलते हैं।

कहीं अनोखी बारात निकाली जाती है, तो कहीं युवा आदिवासी वेशभूषा धारण कर लोगों का मनोरंजन करते हैं। कुछ युवा महिलाओं के परिधान पहनकर हंसी-ठिठोली और पारंपरिक प्रस्तुतियों के जरिए माहौल को खुशनुमा बना देते हैं।

इस अनूठे आयोजन को देखने के लिए स्थानीय ग्रामीणों के साथ बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक भी पहुंचते हैं। भीड़ इतनी अधिक होती है कि कई बार गांव की गलियों और सड़कों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बचती। यातायात दबाव और जाम जैसे हालात भी बन जाते हैं, लेकिन लोगों का उत्साह कम नहीं होता।

हर कोई इन अनोखे करतबों को अपनी आंखों से देखने और इस परंपरा का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित रहता है। ग्रामीणों के अनुसार इस आयोजन की जड़ें राजा-महाराजाओं के समय से जुड़ी हुई हैं। प्राचीन समय में राजा-महाराजा भाई दूज के अवसर पर मनोरंजन और पारंपरिक कलाओं से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करवाते थे।

समय के साथ राजशाही समाप्त हो गई, लेकिन यह परंपरा गांवों में जीवित रही। ग्रामीणों ने इसे केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक विरासत के रूप में संजोकर रखा है।

आज बड़ोदिया, सथूर और ठिकरदा गांवों की यह परंपरा बूंदी की एक अलग पहचान बन चुकी है। यहां की कलाकारी यह संदेश देती है कि प्रतिभा और हुनर के लिए बड़ी डिग्री या संसाधनों से ज्यादा जरूरी है जुनून, अभ्यास और सामूहिक प्रयास।

बाईट__राजेंद्र पर्यटक

बाईट__नेहा गर्ग पर्यटक

बाईट__मनोज गर्ग

💡 पृष्ठभूमि (Background)

राजस्थान के बूंदी जिले में भाई दूज के अवसर पर कच्चे सूत के धागे पर ट्रैक्टर और कांच पर बाइक जैसी अनोखी कलाबाजियाँ दिखाई जाती हैं। यह परंपरा बड़ोदिया, सथूर और ठिकरदा गांवों में प्रचलित है, जहाँ कलाकार धैर्य और संतुलन के साथ इन करतबों को अंजाम देते हैं। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि यह ग्रामीण संस्कृति की जीवंतता और नवाचार को दर्शाती है, साथ ही युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती है। ऐसे प्रदर्शन से स्थानीय पर्यटन में वृद्धि, रोजगार के अवसर और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिल सकती है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।