राज्य

स्वच्छ पाली के लिए सड़कों पर उतरीं महापौर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 7 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
स्वच्छ पाली के लिए सड़कों पर उतरीं महापौर

पाली महापौर नमिता विकास बुबकिया ने शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग करने और कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की।

पाली, 7 अक्टूबर। स्वच्छ भारत मिशन को गति देने के उद्देश्य से पाली नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में महापौर नमिता विकास बुबकिया बुधवार को खुद सड़कों पर उतरीं और शहर के विभिन्न गली-मोहल्लों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने वार्डों में नियमित सफाई, कचरे के समय पर उठाव और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने को लेकर अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महापौर ने नालियों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई के साथ कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी करने पर भी जोर दिया।

महापौर नमिता विकास बुबकिया ने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ और साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान भी जरूरी है।

वहीं, महापौर ने शहरवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पाली का लक्ष्य केवल नगर निगम के प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता, बल्कि आमजन की सहभागिता भी उतनी ही जरूरी है।

उन्होंने लोगों से कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया। नगर निगम के प्रयासों के साथ यदि शहरवासी भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं, तो पाली को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

बाइट - नमिता विकास बुबकिया, महापौर

बाइट - देवीलाल, आयुक्त नगर निगम पाली

बाइट - विक्रम सिंह, पार्षद

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।