राजनीति

स्वच्छता ही सेवा 2026: स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 1 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
स्वच्छता ही सेवा 2026: स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश

अक्टूबर 01, नई दिल्ली: स्वच्छ भारत के संकल्प के साथ राजधानी दिल्ली में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ कार्यक्रम के तहत दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में केंद्रीय मंत्रियों, दिल्ली सरकार के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

सफदरजंग मकबरे में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सफाई अभियान में हिस्सा लिया और लोगों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया।

वहीं, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने गार्गी कॉलेज में श्रमदान किया और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने स्वच्छता अभियान में युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने कालिंदी कुंज घाट पर श्रमदान किया। उन्होंने नदियों को स्वच्छ रखने के लिए लोगों में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कमला नेहरू रिज में सफाई अभियान में हिस्सा लिया और वहां चल रहे मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एक दिन का काम नहीं, बल्कि निरंतर जिम्मेदारी है।

दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने प्राचीन हनुमान मंदिर में स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। वहीं, भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने श्रमदान और सफाई अभियान का नेतृत्व किया, जबकि भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया।

अभियान के जरिए स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और इसे रोजमर्रा की आदत बनाने का संदेश दिया गया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।