स्वामित्व योजना की प्रगति की नियमित समीक्षा करें - संभागायुक्त श्री शर्मा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
संभागायुक्त श्री कर्मवीर शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि संभाग के सभी जिलों में शासन की महत्वाकांक्षी स्वामित्व योजना की प्रगति की नियमित समीक्षा कर संभाग को प्रदेश में अव्वल बनाएं। साथ ही राजस्व, लोकसेवा गारंटी प्रबंधन एवं विभिन्न शाखाओं में लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें।
संभागायुक्त श्री शर्मा ने सोमवार को कमिश्नर कार्यालय सभागार में संभागायुक्त कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के लंबित प्रकरणों एवं स्वामित्व योजना की समीक्षा बैठक ली। बैठक में संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, उपायुक्त राजस्व श्रीमती भारती देवी मिश्रा और सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में संभागायुक्त श्री शर्मा ने लंबित भूमि आवंटन प्रकरण, सीएम हेल्पलाइन के प्रकरण, लोकसेवा गारंटी अधिनियम प्रकरण, आयुक्त कार्यालय की विकास शाखा में लंबित प्रकरणों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। भोपाल जिले में राजस्व एवं लोकसेवा गारंटी योजना के लंबित प्रकरणों की संख्या अधिक होने से उन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
संभागायुक्त श्री शर्मा ने राजस्व एवं लोकसेवा प्रबंधन में संभाग में लंबित प्रकरणों एवं 50 दिन से अधिक की लंबित विभागीय शिकायतों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संभाग के सभी जिलों में पिछ़डा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के लिए भोपाल एवं रायसेन के संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए।
संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि न्यायालयीन प्रकरणों में समय से जवाबदावा प्रस्तुत करें तथा दिए गए निर्णोयों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। छात्रवृत्ति के लंबित प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर संभागायुक्त श्री शर्मा ने इस वर्ष संभाग कार्यालय के पदोन्नत अधिकारी एवं कर्मचारियों को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित भी किया।