खेल

स्वर्णिम हरोली के संकल्प को साकार करने में जुटे मुकेश अग्निहोत्री, विकास परियोजनाओं का किया निरीक्षण

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
स्वर्णिम हरोली के संकल्प को साकार करने में जुटे मुकेश अग्निहोत्री, विकास परियोजनाओं का किया निरीक्षण

खड्ड में 14 करोड़ का इंडोर स्टेडियम, पंजावर में सहकारिता प्रशिक्षण केंद्र और स्वां नदी पर बन रहे पुलों से क्षेत्र को मिलेगी नई पहचान

अक्तूबर 27, ऊना (हिमाचल प्रदेश): स्वर्णिम हरोली के सपने को साकार करने के संकल्प के साथ उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी परियोजनाओं में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि हरोली में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने और क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय खड्ड में करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम क्षेत्र के युवाओं को खेलों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य को अगले तीन से चार महीनों के भीतर पूरा करने की दिशा में तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरोली में विकास का उद्देश्य केवल भवनों और सड़कों का निर्माण करना नहीं, बल्कि युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाना भी है।

क्षेत्र में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर खेल मैदानों में रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। खड्ड में फुटबॉल सहित अन्य खेलों के लिए 50 लाख रुपये की लागत से लाइटें लगाई गई हैं। इसी तरह नगड़ोली और बीटन में भी 50-50 लाख रुपये की लागत से लाइटें लगवाई गई हैं, जबकि नंगल खुर्द में भी 50 लाख रुपये की लागत से लाइटें लगाने की स्वीकृति दे दी है।

इससे खिलाड़ियों को शाम और रात के समय भी अभ्यास तथा मैच खेलने की सुविधा मिलेगी। उप मुख्यमंत्री ने स्वां नदी पर करीब 37 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन घालूवाल-झलेड़ा पुल तथा पंडोगा-त्यूड़ी पुल के निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। इन पुलों के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ विभिन्न गांवों के बीच संपर्क बेहतर होगा और लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। घालूवाल-झलेड़ा पुल के महत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि घालूवाल में 1960 के दशक में पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रताप सिंह कैरों द्वारा पुल का निर्माण करवाया गया था।

लगभग छह दशक बाद यहां नए पुल का निर्माण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पुल हरोली-रामपुर और पंडोगा-त्यूड़ी पुल के साथ क्षेत्र की कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगा तथा विकास गतिविधियों को गति देने में सहायक बनेगा। मुकेश अग्निहोत्री ने पंजावर में करीब 8.5 करोड़ रुपये की लागत से मियां हीरां सिंह के नाम पर निर्माणाधीन कोऑपरेटिव ट्रेनिंग सेंटर एवं सामुदायिक केंद्र का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाली महान विभूति के नाम पर संस्थान का निर्माण नई पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित करवाने के साथ सहकारिता आंदोलन को भी मजबूती प्रदान करेगा।

विकास परियोजनाओं के निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने खड्ड स्थित संतोषी माता मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में भी भाग लिया। उन्होंने कथा व्यास आचार्य तरुण डोगरा के मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया तथा प्रभु के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

उन्होंने सफल आयोजन के लिए मंदिर कमेटी के सदस्यों और खड्डवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।