व्यापार

स्वीट ऑरेंज किसानों को मिला संस्थागत बाजार का अवसर, 22 फीसदी अधिक मूल्य मिलने से चहके किसान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
स्वीट ऑरेंज किसानों को मिला संस्थागत बाजार का अवसर, 22 फीसदी अधिक मूल्य मिलने से चहके किसान

अक्तूबर 05, मंडी (हिमाचल प्रदेश): एचपी शिवा परियोजना के अंतर्गत मंडी जिला के स्वीट ऑरेंज किसानों को संस्थागत बाजार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत किसानों की उपज को रिलायंस कलेक्शन सेंटर, राजपुरा तक पहुंचाकर सफलतापूर्वक बिक्री सुनिश्चित की गई। इस पहल का उद्देश्य किसानों को बेहतर बाजार पहुंच उपलब्ध करवाने के साथ-साथ गुणवत्ता आधारित उत्पादन, ग्रेडिंग एवं सॉर्टिंग को बढ़ावा देना है।

उप निदेशक बागवानी डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि मंडी जिले में धर्मपुर क्षेत्र के किसान राकेश कुमार एवं चौधरी राम ने कुल 1,380 किलोग्राम स्वीट ऑरेंज प्रापण केंद्र तक पहुंचाया, जिसमें से लगभग 1,250 किलोग्राम स्वीकार किया गया। इसके अलावा बिलासपुर जिले के फागोग क्लस्टर के किसान अमरनाथ का लगभग 1,879 किलोग्राम स्वीट ऑरेंज रिलायंस कलेक्शन सेंटर में पहुंचाया गया।

उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा 65 से 80 मिमी आकार के निर्धारित गुणवत्ता मानकों को पूरा करने वाले फलों के लिए 40 रुपए प्रति किलोग्राम का मूल्य प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि किसानों को उपयुक्त फलों के चयन, कटाई, ग्रेडिंग एवं सॉर्टिंग में ग्रांट थॉर्नटन भारत एलएलपी के माध्यम से सहयोग प्रदान किया गया तथा किसानों के साथ कलेक्शन सेंटर तक जाकर पूरी प्रक्रिया में सहायता प्रदान की।

उन्होंने बताया कि परिवहन एवं श्रम लागत को ध्यान में रखते हुए, किसानों की अनुमानित शुद्ध मूल्य प्राप्ति लगभग 33 रुपए प्रति किलोग्राम रही, जबकि स्थानीय बाजार में अनुमानित शुद्ध प्राप्ति लगभग 27 रुपए प्रति किलोग्राम थी, जिससे लगभग 22 प्रतिशत अधिक शुद्ध मूल्य प्राप्ति हुई। उन्होंने बताया कि यह पहल प्रदेश सरकार और विशेषतौर पर बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी के मार्गदर्शन एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के सहयोग से सफल हुई।

इसमें मंडी तथा बिलासपुर जिला के बागवानी अधिकारियों एवं फील्ड स्टाफ का बहुमूल्य सहयोग रहा। ग्रांट थॉर्नटन भारत एलएलपी ने किसानों और संस्थागत खरीदार के बीच बाजार संपर्क एवं फील्ड स्तर पर आवश्यक समन्वय में सहयोग प्रदान किया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।